7 अप्रैल को ‘ग्रेटर आगरा’ का शिलान्यास, सीएम योगी के दौरे से पहले आगरा हाई अलर्ट पर, प्रभारी मंत्री ने संभाली कमान

आगरा में 7 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद कमिश्नरी में समीक्षा बैठक की और फिर रायपुर-रहनकला स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यहां 5142 करोड़ रुपये की लागत से 449.65 हेक्टेयर में विकसित होने वाली 10 आवासीय टाउनशिप (ग्रेटर आगरा योजना) का शिलान्यास और भूमिपूजन होना है। मंत्री ने हेलीपेड, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, टेंट, वीआईपी/मीडिया व्यवस्था, ट्रैफिक, सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष निर्देश दिए। साथ ही किसानों के मुआवजे से पहले भूमि कब्जा न लेने की सख्त हिदायत भी दी।

Apr 5, 2026 - 21:46
 0
7 अप्रैल को ‘ग्रेटर आगरा’ का शिलान्यास, सीएम योगी के दौरे से पहले आगरा हाई अलर्ट पर, प्रभारी मंत्री ने संभाली कमान
सीएम योगी के सात अप्रैल को आगरा आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा करते प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह। साथ हैं केन्द्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय आदि।

रायपुर-रहनकला में 5142 करोड़ की 10 टाउनशिप परियोजना का होगा शुभारंभ, हेलीपेड से मंच तक तैयारियों की बारीकी से हुई समीक्षा

आगरा। आगरा में 7 अप्रैल को होने जा रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ‘ग्रेटर आगरा योजना’ के तहत प्रस्तावित 5142 करोड़ रुपये की विशाल शहरी विस्तार परियोजना के शिलान्यास से पहले पूरे जनपद में तैयारियों का माहौल है। इसी कड़ी में रविवार  को उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने आगरा पहुंचकर व्यवस्थाओं की कमान संभाली और हर स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया।

खेरिया एयरपोर्ट पर स्वागत, फिर कमिश्नरी में हाई लेवल समीक्षा बैठक

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे कमिश्नरी लघु सभागार पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर एक हाई लेवल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, भाजपा व रालोद के पदाधिकारी, साथ ही जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

5142 करोड़ की ‘ग्रेटर आगरा’ योजना

बैठक में जानकारी दी गई कि आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा ग्राम रायपुर और रहनकलां में शहरी विस्तारीकरण एवं नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 आवासीय टाउनशिप विकसित की जा रही हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल संभावित लागत 5142 करोड़ रुपये आंकी गई है।

7 अप्रैल 2026, मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां पहुंचकर भूमिपूजन करेंगे। 10 टाउनशिप का शिलान्यास करेंगे। विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करेंगे और इसके बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। 

जनसभा स्थल पर गर्मी को देखते हुए खास इंतजाम

प्रभारी मंत्री ने सिर्फ कागजी समीक्षा तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने हेलीपेड से लेकर जनसभा मंच, भूमिपूजन स्थल और पार्किंग क्षेत्र तक की व्यवस्थाओं को परखा।

उन्होंने अधिकारियों से विशेष रूप से जनसभा स्थल पर बैरिकेडिंग, विधानसभा क्षेत्रवार साइनेज, भारी और हल्के वाहनों की अलग पार्किंग, सीएम के आगमन का रूट प्लान, हेलीपेड की स्थिति और सुरक्षा, मंच स्थल और भूमिपूजन स्थल पर टेंट की व्यवस्था, वीआईपी/मीडिया दीर्घा, स्विस कॉटेज की व्यवस्था, एप्रोच रोड की मरम्मत और सुगम यातायात पर रिपोर्ट ली। 

गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्याप्त शीतल पेयजल की व्यवस्था हो। आमजन और कार्यकर्ताओं के लिए छाया और बैठने की सुविधा हो। साफ-सफाई, बिजली और सुरक्षा में कोई कमी न रहे। 

किसानों के मुआवजे पर सख्त रुख

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने भूमि अधिग्रहण की स्थिति की भी अलग से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जिन किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, उनकी भूमि पर बिना मुआवजा दिए कब्जा न लिया जाए। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को शीघ्र मुआवजा राशि प्रदान की जाए और किसी भी स्थिति में उनकी उपेक्षा न हो। यह निर्देश इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इतनी बड़ी शहरी परियोजना में भूमि अधिग्रहण सबसे संवेदनशील मुद्दों में से एक है।

सीएम का दौरा आगरा के विकास का टर्निंग पॉइंट

प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा आगरा के शहरी विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़ी हर व्यवस्था समय से पूरी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। ट्रैफिक प्लान सुचारु हो। पेयजल, बिजली और साफ-सफाई दुरुस्त रहे। आमजन को कोई असुविधा न हो। 

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक और निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमोली, सीडीओ प्रतिभा सिंह, अपर नगर आयुक्त शिशिर सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।