आगरा उत्तर क्षेत्र में विधायक निधि से 42 लाख के विकास कार्यों का और शिलान्यास
आगरा। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर विकास की मुहर लग गई है। लंबे समय से उपेक्षा झेल रहे पार्कों और सड़कों को अब नया जीवन मिलने जा रहा है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की विधायक निधि से करीब 42 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास कर दिया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में उत्साह का माहौल है। इस दौरान विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी मौजूद रहे।
दयालबाग क्षेत्र स्थित राम मोहन बिहार कॉलोनी के जर्जर पार्क की बाउंड्री निर्माण, नई आबादी चर्च रोड सिकंदरा में सीसी फर्श द्वारा सड़क निर्माण और बोदला रोड के पास मंगलम बिहार कॉलोनी के पार्क के जीर्णोद्धार व बाउंड्री निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इन कार्यों से न सिर्फ क्षेत्र की सूरत बदलेगी, बल्कि सुरक्षा और सुविधाओं में भी बड़ा सुधार होगा।
विशेष रूप से मंगलम बिहार कॉलोनी का वह पार्क, जो सीए फाइनल में देशभर में 12वीं रैंक हासिल करने वाली अतुल अग्रवाल की सुपुत्री कु. अदिति अग्रवाल के घर के पास स्थित है, अब पूरी तरह से विकसित किया जाएगा। यह क्षेत्र लंबे समय से बदहाल स्थिति में था, जिससे स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
इन सभी विकास कार्यों का शिलान्यास दयालबाग, कैलाश और दीनदयाल मंडल अध्यक्ष क्रमशः योगेश दिवाकर, पिंटू शर्मा और राहुल जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता डॉ. पार्थसारथी शर्मा, पार्षद भरत शर्मा, प्रेमदास चौधरी, अमित दिवाकर, गौरा देवी, प्रवीणा राजावत सहित अचल सिंह, राजेश रावत, मनीष अग्रवाल, टी.एन. चौहान, गगन तोमर, मनोज चौहान और सुधीर शर्मा समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी हो रही थी, लेकिन अब इन कार्यों के शुरू होने से उम्मीद जगी है कि इलाके की तस्वीर बदलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।