आगरा फोर्ट स्टेशन के सामने आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा रोटरी सुलभ टॉयलेट कांप्लेक्स, शिलान्यास
आगरा। अब आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन के सामने यात्रियों और आम नागरिकों को स्वच्छ व सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय की आधुनिक सुविधा मिलने जा रही है। रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने मंत्रोच्चारण के बीच प्रस्तावित रोटरी सुलभ टॉयलेट कांप्लेक्स का शिलान्यास किया। इस पहल से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों के लिए भी यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि छावनी परिषद की भूमि पर बनने वाला यह कांप्लेक्स उत्तर प्रदेश रेल मेट्रो प्रोजेक्ट के सहयोग से निर्मित किया जा रहा है, जो जनसुविधा और नारी सम्मान की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि “बेबी फीडिंग रूम और दिव्यांग अनुकूल व्यवस्था इस परियोजना को और विशेष बनाती है। यह दिखाता है कि सरकार और सामाजिक संस्थाएं मिलकर नागरिक जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का प्रयास कर रही हैं।
प्रोजेक्ट निर्देशक डॉ. डी.वी. शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि यह परियोजना आगरा शहर के पर्यटन और नागरिक सुविधाओं दोनों को नया आयाम देगी।
प्रोजेक्ट समन्वयक रो. अम्बरीश पटेल ने संचालन करते हुए इस पहल की पृष्ठभूमि और इसमें आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब और मेट्रो प्रोजेक्ट टीम के संयुक्त प्रयासों से यह कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा और सर्वोत्तम गुणवत्ता के मानकों पर आधारित रहेगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अरविंद राय, प्रोजेक्ट डायरेक्टर (उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन) ने कहा कि इस कांप्लेक्स का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र शुरू किया जाएगा। यह सुविधा यात्रियों के साथ-साथ आगरा मेट्रो यात्रियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रो. बघेल का शाल ओढ़ाकर सम्मान डॉ. डी.वी. शर्मा और रो. अम्बरीश पटेल ने किया। मुख्य अतिथि का माल्यार्पण वरिष्ठ रोटरी सदस्य शशि शिरोमणि एवं ताज प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष आदर्श नंदन गुप्ता ने किया।
मंचासीन अतिथियों में आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन मैनेजर प्रदीप कुमार, सुधीर कुमार (डिप्टी प्रोजेक्ट इंचार्ज, आगरा मेट्रो), रो. डॉ. नरेंद्र शुक्ला, रो. समीर माथुर, सचिव रो. डॉ. विभांशु जैन, रो. मोहित, तथा आगरा छावनी परिषद के अशोक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।