आगरा में उपाध्यायश्री विहसन्त सागर के सान्निध्य में हुआ श्री सर्वतोभद्र जिनालय वेदी शिलान्यास
आगरा। बल्केश्वर स्थित श्री लक्ष्मी मंदिर परिसर में शनिवार को श्री सर्वतोभद्र जिनालय की वेदी शिलान्यास का आध्यात्मिक और भव्य समारोह संपन्न हुआ। आयोजन मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसन्त सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने समारोह में भाग लिया और पुण्यार्जन किया।
समारोह का शुभारंभ राजेश जैन कारपेट परिवार द्वारा पंडाल का फीता काटकर किया गया। इसके बाद निर्मल मोठया परिवार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और चित्र अनावरण किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में आगरा के श्रेष्ठियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
श्री सर्वतोभद्र दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उपाध्यायश्री विहसन्त सागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए। स्वास्तिक महिला मंडल कमला नगर की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद उठाया।
मंत्रोच्चारण के बीच हुआ वेदी शिलान्यास
पंडित अजित जैन शास्त्री के निर्देशन में मंत्रोच्चारण के साथ मुख्य वेदी का शिलान्यास रोहित जैन अहिंसा परिवार द्वारा किया गया, जबकि पारस कंसल जैन एवं रूपेश जैन परिवार को दो अन्य वेदियों का शिलान्यास करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सभी भक्तों ने शिला स्थापित कर धार्मिक विधियों के साथ वेदी स्थापना की।
उपाध्यायश्री की मंगल वाणी ने श्रद्धालुओं को कृतार्थ किया, जिसमें उन्होंने आत्मकल्याण, दान, अहिंसा और संयम के महत्व को स्पष्ट करते हुए जीवन को धर्ममय बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सायं 5:00 बजे उपाध्यायश्री ने आगामी मंगल चातुर्मास हेतु भिंड के लिए विहार किया।
देशभर से जुटे श्रद्धालु, पुण्यार्जन में भागीदारी
समारोह में एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, ग्वालियर, सोनागिर, मुरैना, भिंड, इटावा, कुरावली, मेहगांव, बरासो सहित अनेक नगरों से श्रद्धालु समाज के लोगों ने भाग लेकर श्रीफल भेंट कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
इन गणमान्यजनों एवं पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में जगदीश प्रसाद जैन, राकेश जैन पर्देवाले, सुनील जैन ठेकेदार, शिखर जैन सिंघई, रजत जैन, पंकज जैन, राजीव जैन, राजीव बैंक, सुरेश पांड्या, सुमेरचंद जैन पाड़या, दिलीप जैन, विष्णु जैन, अनिल जैन कागज, अरूण जैन ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि समारोह में एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, इटावा सहित विभिन्न नगरों से श्रद्धालु पहुंचे और उपाध्यायश्री से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। बल्केश्वर एवं ग्रेटर कमला नगर की समस्त जैन समाज की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल एवं उमेश जैन ने किया।