विधायक खंडेलवाल की निधि से 36 लाख के दो कार्यों का शिलान्यास, जयराम बाग की सड़क और कर्मयोगी कॉलोनी का पार्क बदलेगा स्वरूप
आगरा। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक निधि से दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। दयालबाग एवं बल्केश्वर मंडलों में कुल 36 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों का शिलान्यास उत्तर विधानसभा के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। स्थानीय नागरिकों ने इन कार्यों को लेकर खुशी जताई।
दयालबाग मंडल अंतर्गत जयराम बाग कॉलोनी की वर्षों पुरानी कच्ची सड़क के निर्माण हेतु 24 लाख रुपये की लागत से कार्य का शिलान्यास मंडल अध्यक्ष योगेश दिवाकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर पार्षद भरत शर्मा सहित विजय मोहन गुप्ता, अनिल पुरी, सौरभ लंबरदार, दिनेश गौतम, हिमांशु गौतम, शैलेन्द्र गुप्ता, सत्यभान यादव, अमित बघेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कर्मयोगी कॊलोनी के पार्क के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास करते भाजपा के मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र। साथ हैं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल।
वहीं बल्केश्वर मंडल में कमला नगर कर्मयोगी कॉलोनी स्थित जीर्ण-शीर्ण पार्क के सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास के लिए 12 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया। इस कार्य का शुभारंभ मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कर्मयोगी कॉलोनी की पार्षद कंचन बंसल, मंडल उपाध्यक्ष पवन बंसल, सुरेश राव, संजय गुप्ता, डी.सी. अग्रवाल, हरिओम गोयल, अंकित बंसल, मनोज गर्ग, संगीता अग्रवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पार्क और सार्वजनिक स्थलों के विकास से नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में और भी विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।