बेंगलुरू भगदड़ मामले में आरसीबी अधिकारी समेत चार गिरफ्तार
बेंगलुरू। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल 2025 में खिताबी जीत के बाद बेंगलुरु में मची भगदड़ को लेकर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने आरसीबी के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। दावा किया जा रहा है कि निखिल मुंबई भागने की फिराक में थे।
बेंगलुरु में मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें आरसीबी के मार्केटिंग हेड शामिल हैं। वहीं किरण कुमार और सुनील मैथ्यू को भी गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स में काम करते हैं। किरण सीनियर इवेंट मैनेजर हैं, जबकि सुनील मैथ्यू वाइस प्रेसिडेंट-बिजनेस अफेयर्स के पद पर हैं।
आरसीबी के मार्केटिंग हेड सोसले ने पुलिस की अनुमति के बिना विधानसभा से चिन्नास्वामी स्टेडियम तक विजय परेड की घोषणा की। पुलिस के इनकार के बावजूद पोस्ट को सोशल मीडिया से हटाया नहीं गया, जिससे हजारों प्रशंसक गुमराह हो गए। उन्होंने दावा किया कि गेट 9 और 10 के पास दोपहर 1 बजे मुफ्त टिकट बांटे जाएँगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, जिससे भीड़ जमा हो गई। एक अन्य पोस्ट में कहा गया कि स्टेडियम में प्रवेश दोपहर 3 बजे शुरू होगा, जिससे भ्रम और बढ़ गया। सभी घोषणाएँ आरसीबी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए की गईं, जिसकी देखरेख सोसले की टीम ने की।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को आरसीबी, डीएनए और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अधिकारियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए थे, साथ ही कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित भी किया। इसमें बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद, अतिरिक्त आयुक्त (पश्चिम) विकास कुमार विकास, डीसीपी (मध्य) शेखर एच टेक्कन्नावर और कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन के अन्य निचले अधिकारी शामिल थे।