शामली में एसटीएफ के साथ मुठभेड में चार बदमाश ढेर, इंसपेक्टर भी घायल

शामली। वेस्ट यूपी के हरियाणा सीमा से लगे क्षेत्र में बीती रात पुलिस की एसटीएफ और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार इनामी बदमाश मारे गए। इस मुठभेड़ में एसटीएफ के एक इंसपेक्टर को भी तीन गोलियां लगी हैं, जिन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए बदमाशों के पास से हथियार भी मिले हैं। 

Jan 21, 2025 - 09:23
 0
शामली में एसटीएफ के साथ मुठभेड में चार बदमाश ढेर, इंसपेक्टर भी घायल
शामली जिले में यूपी एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों के पास से मिले हथियार। दूसरे चित्र में वह कार जिसमें बदमाश सवार थे।

इस मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र में आधी रात के बाद ये मुठभेड़ तब हुई जब एक सूचना पर एसटीएफ ने एक कार को घेरा। सूचना थी कि इस कार में बदमाश सवार हैं। खुद को घिरा पाकर कार में सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें पेट में तीन गोलियां लगने से एसटीएफ के इंसपेक्टर सुनील कुमार गंभीर घायल हो गए।

इसके बाद एसटीएफ और बदमाशों के बीच गोलियां चलने लगीं। एसटीएफ और बदमाशों के बीच लगभग पौन घंटे तक गोलियां चलती रहीं, जिसमें चारों बदमाश मारे गए। मारे गए बदमाश मंजीत, अरशद, सतीश समेत एक अन्य हैं। बदमाशों की तरफ से गोलियां चलना बंद होने पर एसटीएफ कार के नजदीक पहुंची तो देखा कि चारों बदमाशों को गोली लग चुकी थी।

एसटीएफ की टीम चारों बदमाशों और घायल इंसपेक्टर को अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में चारों को मृत घोषित कर दिया गया। घायल इंसपेक्टर की हालत गंभीर देख उन्हें गुरुग्राम के मेदांता में भर्ती कराया गया है। मारे गए चार बदमाशों में से अरशद यूपी के सहारनपुर का है जबकि दो अन्य हरियाणा के निवासी थे।

SP_Singh AURGURU Editor