आगरा में चार दिवसीय वृहद यज्ञ व वेद कथा का समापन, छह विभूतियां आर्य सम्मान से अलंकृत
आगरा। कमला नगर स्थित महर्षि दयानन्द पार्क में आर्य समाज मंदिर बल्केश्वर कमला नगर शाखा के 67वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय वृहद यज्ञ एवं वेद कथा का समापन भव्य आर्य सम्मान समारोह के साथ हुआ।
इस अवसर पर मेरठ से आए वैदिक प्रवक्ता आचार्य पुनीत शास्त्री ने कहा कि देश में गुरुकुलीय शिक्षा को पुनः स्थापित करने के लिए प्रत्येक जनपद स्तर पर ठोस प्रयास किए जाने चाहिए, तभी भारतीय संस्कृति की रक्षा संभव है और देश का प्रत्येक बच्चा संस्कारित बन सकेगा। उन्होंने कहा कि वेद की शिक्षाओं के बिना मानव कल्याण संभव नहीं है। आत्म उत्थान के लिए भी वेद मार्ग का अनुसरण अनिवार्य है। मनुष्य यदि वेद मार्ग पर चले तो उसके जीवन में कभी दुख नहीं आ सकते।
कार्यक्रम में वाद्य यंत्र हारमोनियम के मधुर तरानों पर “जरा रखना भरोसा भगवान पे, तेरी नैया चलेगी तूफान में”, “काहे होत उदास मना जब भगवान तेरे पास रे”, “मैं पत्थर पूजा ना करू मेरा ईश्वर में विश्वास”, “मन मीत बसा मन में” जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुति मुजफ्फरनगर से आए भजनोपदेशक पं. भूपेन्द्र आर्य ने देकर संकीर्तन को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया।
प्रातः आठ बजे चारों वेदों के मंत्रोच्चारण के साथ विश्वेन्द्र आर्य पुरोहित के आचार्यत्व में करीब सौ आर्य दंपति जोड़ों ने पाँच कुंडीय महायज्ञ में आहुति देकर विश्व शांति की कामना की।
भजनोपदेशक पं. भूपेन्द्र आर्य ने भजनों के माध्यम से बताया कि आर्य समाज सच्चे ईश्वर की पूजा करने को कहता है। यह ईश्वर वायु और आकाश की भाँति सर्वव्यापी है, वह अवतार नहीं लेता, वह सभी मनुष्यों को उनके कर्मानुसार फल देता है तथा अगला जन्म प्रदान करता है। आर्य समाज मनुष्यों को अवगुण त्यागने और सद्गुण अपनाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर वैदिक यज्ञ और वेद कथा को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प भी लिया गया। वेद कथा में सैकड़ों की संख्या में आर्यजनों ने धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन मंत्री यतेंद्र आर्य ने किया। इस अवसर पर प्रधान अवनींद्र कुमार गुप्ता, मंत्री यतेंद्र आर्य, कोषाध्यक्ष राहुल आर्य, प्रमोद जिंदल, जितेंद्र आर्य, नरेंद्र सिंघल, केपी सिंह, हंसराज आर्य, विजय अग्रवाल, मनोज खुराना, राजीव दीक्षित, विजयपाल सिंह चौहान, रामपाल सिंह, मेहुल आर्य, ब्रजराज सिंह परमार, अरविन्द मेहता, रमाकांत सारस्वत, रामप्रकाश, मयंक आर्य, उषा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में आर्यजन उपस्थित रहे।
इन्हें मिला आर्य सम्मान
समापन अवसर पर आर्य समाज मंदिर की बल्केश्वर एवं कमला नगर शाखा द्वारा समाज में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने पर कान्ता बंसल, मंजू गुप्ता, नविता शर्मा, पुष्पलता गुप्ता, नीरज गुप्ता और ऋषि मोहन ठाकुर को आर्य सम्मान से सम्मानित किया गया।