महाराष्ट्र के वसई-विरार में चार मंजिला इमारत गिरी, 20 लोगों के फंसे होने की आशंका
मुंबई। महाराष्ट्र के वसई-विरार में मंगलवार- बुधवार (27-28 अगस्त) के बीच देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां विजय नगर विरार ईस्ट में गणपति मंदिर के पास एक चार माले की बिल्डिंग गिर गई। देर रात लगभग 1.00 बजे के आस-पास गिरी इस बिल्डिंग के नीचे 15 से 20 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। यह संख्या और भी ज्यादा हो सकती है।
स्वामी समर्थ नगर, रामू कंपाउंड, नारंगी फाटा, विरार में रमाबाई अपार्टमेंट नामक चार मंजिला इमारत की चौथी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, पुलिस ने अब तक 9 लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया है।
एनडीआर की एक टीम मौके पर पहुंच गई है और तलाशी अभियान जारी है। आशंका जताई जा रही है कि इमारत के मलबे में अभी 15 से 20 नागरिक फंसे हुए हैं।
यह इमारत दस साल पहले बनी थी और नगर निगम ने इसे बेहद खतरनाक इमारत घोषित किया था। रमाबाई अपार्टमेंट को अब ध्वस्त कर दिया गया है।
विधायक स्नेहा पंडित दुबे ने जानकारी दी है कि विरार के नारंगी में 10-15 साल पुरानी बिल्डिंग गिरने से यह हादसा हुआ है। अब तक 9 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। करीब 20 और लोगों के फंसे होने की आशंका है। पूरी एनडीआरएफ की टीम, माहनगर पालिका और पुलिस की टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
विधायक द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, जिस जगह हादसा हुआ, वहां अभी ऐसी स्थिति है कि मौके पर रेस्क्यू के लिए न गाड़ी जा पा रही है न ही कोई एंबुलेंस। रेस्क्यू टीम को बिना किसी सहायता हाथों से ही बचाव अभियान को अंजाम देना पड़ रहा है। इसलिए इसमें समय लग रहा है। टीमें अपना 100 परसेंट दे रही हैं। फिलहाल, 20-25 और जवानों के साथ एनडीआरएफ की एक और टीम बुलाई गई है।