कश्मीर के लोकल आतंकियों की नई लिस्ट में 14 नाम, माछिल में आतंकी ठिकाना ध्वस्त

श्रीनगर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों की ओर से कश्मीर घाटी में आतंकियों के सफाए का अभियान तेज़ी से जारी है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की पहचान करते हुए घाटी में सक्रिय लोकल आतंकियों की नई सूची तैयार की है। वर्तमान में कुल 14 स्थानीय आतंकी कश्मीर में सक्रिय हैं।

Apr 26, 2025 - 19:28
 0
कश्मीर के लोकल आतंकियों की नई लिस्ट में 14 नाम, माछिल में आतंकी ठिकाना ध्वस्त
जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा आतंकी ठिकाने से बरामद किये गये हथियार।

-शनिवार को भी कश्मीर के कई क्षेत्रों में आतंकवादियों के घर ढहाए गये

जानकारी के मुताबिक, सोपोर में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकी, अवंतीपुरा में जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी, पुलवामा में लश्कर और जैश के दो-दो आतंकी, सोपियान में एक हिजबुल और चार लश्कर के आतंकी, अनंतनाग में हिजबुल के दो आतंकी और कुलगाम में लश्कर का एक आतंकी सक्रिय हैं।

इसी बीच कुपवाड़ा पुलिस और भारतीय सेना ने संयुक्त अभियान में उत्तर कश्मीर के माछिल क्षेत्र में एक आतंकी ठिकाने का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए, जिसमें पांच एके-सीरीज की राइफलें, एक पिस्तौल एके राइफलों के कारतूस शामिल हैं।

यह कार्रवाई विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर की गई। ठिकाना ध्वस्त करने के बाद भी इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी भी अन्य खतरे को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में घाटी को आतंकमुक्त करने के लिए और भी आक्रामक अभियान चलाए जाएंगे।

इधर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कई आतंकियों के घरों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई शोपियां, कुलगाम और पुलवामा जिलों में की गई, जहां सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर शाहिद अहमद कुट्टे सहित अन्य आतंकियों के घरों को विस्फोटकों की मदद से नष्ट किया। इनमें से कई आतंकी पाकिस्तान में प्रशिक्षण प्राप्त कर घाटी में सक्रिय थे। शोपियां, कुलगाम और पुलवामा में आतंकियों के घरों को विस्फोटकों से नष्ट किया गया।​

​यह कदम आतंकवाद के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति का हिस्सा है, जिसमें आतंकियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले  पहलगाम हमले में शामिल दो आतंकियों के घरों को भी ध्वस्त किया गया था। ​

SP_Singh AURGURU Editor