आगरा के किनारी बाजार में 17 लाख की ठगी: फर्जी ज्वेलर ने 11 किलो चांदी पायल मंगवा लीं और बदले में चांदी के नाम पर गिलट भेजकर हुआ गायब
आगरा। शहर के किनारी बाजार में ज्वेलर्स को निशाना बनाकर एक शातिर ठग ने करीब 17 लाख रुपये की हाईटेक ठगी को अंजाम दे दिया। आरोपी ने खुद को ज्वेलर बताकर व्हाट्सएप के जरिए ऑर्डर दिया, फर्जी विजिटिंग कार्ड भेजा और करीब 11 किलो चांदी की पायल मंगवाकर गायब हो गया। बदले में उसने नकली (गिलट) चांदी भेज दी। ठग का गोरखपुर और बलरामपुर कनेक्शन सामने आया है। कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
फर्जी पहचान बनाकर रचा ठगी का पूरा खेल
जानकारी के मुताबिक, किनारी बाजार के रस्तोगी ज्वेलर्स के स्वामी शगुन रस्तोगी से आरोपी ने खुद को बड़े ज्वेलर के रूप में पेश किया। उसने व्हाट्सएप पर संपर्क कर भारी मात्रा में चांदी की पायल का ऑर्डर दिया। भरोसा जीतने के लिए फर्जी विजिटिंग कार्ड भी भेजा, जिससे कारोबारी को कोई शक नहीं हुआ। ठग ने ठोस चांदी के बदले पायल खरीदने की बात कही थी।
11 किलो चांदी पायल मंगवाई, बदले में भेज दी गिलट
आरोपी ने करीब 11 किलो चांदी की पायल मंगवाई, जिसकी कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है। पायल की डिलीवरी के बाद ठग द्वारा कथित तौर पर भेजी गई चांदी का पैकेट जब ज्वेलर्स ने खोला तो उसमें असली चांदी की जगह नकली (गिलट) माल मिला। तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ।
प्राथमिक जांच में इस ठगी का तार गोरखपुर और बलरामपुर से जुड़ा सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि यह कोई संगठित गिरोह है, जो अलग-अलग शहरों के व्यापारियों को निशाना बना रहा है।
असली ज्वैलर्स ने किया इनकार, फर्जीवाड़ा हुआ उजागर
जिस नाम और पहचान से आरोपी ने ऑर्डर दिया था, उस असली ज्वेलर्स ने इस लेन-देन से साफ इनकार कर दिया। इससे साफ हो गया कि ठग ने पूरी योजना के तहत फर्जी पहचान का सहारा लिया।
लॉजिस्टिक कंपनी भी जांच के घेरे में
इस पूरे मामले में माल की डिलीवरी कराने वाली लॉजिस्टिक कंपनी की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं अंदरूनी मिलीभगत तो नहीं थी।
पीड़ित ज्वैलर्स की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने सभी कारोबारियों से ऑनलाइन और फोन पर आने वाले ऑर्डर को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
Top of Form