‘अशोक स्तंभ’ की आड़ में ठगी का सफर: शाहजहांपुर में कार पर ‘भारत सरकार’ लिखाकर घूमने वाला गिरफ्तार
शाहजहांपुर में एक युवक कार पर ‘भारत सरकार’ और अशोक स्तंभ लगाकर टोल से बचने और पुलिस चेकिंग से निकलने का खेल खेल रहा था। मारपीट के मामले में पकड़े जाने पर उसकी यह पूरी फर्जी सरकारी पहचान भी उजागर हो गई। पुलिस ने उसे भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
-राजीव शर्मा-
शाहजहांपुर। जिले में कार पर अशोक की लाट और गवर्नमेंट ऑफ इंडिया लिखकर घूमने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से सरकारी पहचान का भ्रम पैदा कर टोल टैक्स बचाने और पुलिस चेकिंग से निकलने के लिए यह हथकंडा अपनाए हुए था।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि कटरा थाना क्षेत्र के निवासी रजत शर्मा ने मंगलवार रात आरोपी कलीम खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार, कलीम ने रजत शर्मा को मारने की नीयत से गला दबाकर बेहोश कर दिया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जब कलीम को पकड़ा तो वह एक ऐसी कार में बैठा मिला जिस पर गवर्नमेंट ऑफ इंडिया लिखा था और नंबर प्लेट पर अशोक की लाट लगी थी। उसकी गाड़ी पर हरियाणा की नंबर प्लेट थी जिसे देखकर लगता है कि वह टैक्सी के रूप में रजिस्टर्ड है। कलीम खान ने गाड़ी के ऊपर भाजपा का झंडा भी लगा रखा था।
जब पुलिस ने वाहन पर लगे प्रतीक और ‘भारत सरकार’ लिखे होने के दस्तावेज मांगे तो कलीम कोई वैध कागज़ नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने यह प्रतीक केवल इसलिये लगवाए थे ताकि टोल प्लाजा उसे फ्री पास दे दें और पुलिस चेकिंग में उसकी कार को डायरेक्ट एन्ट्री मिल जाए।
एसपी द्विवेदी के अनुसार, आरोपी को बुधवार को भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।