जालसाज ने फोन पर जिला विद्यालय निरीक्षक को धमकाया, पकड़ा गया
मथुरा। थाना सदर बाजार पुलिस ने एक जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के निजी सचिव के रूप में फोन करके जिला विद्यालय निरीक्षक रवीन्द्र सिंह को एक शिक्षिका के तबादले के लिए धमकाया था।
मथुरा के एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया कि आरोपी श्याम नरेश शर्मा ने दो मोबाइल फोन नंबर से फोन करके रवीन्द्र सिंह को धमकाया था। यह जालसाज अपनी शिक्षिका पत्नी के स्थानांतरण के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को धमका रहा था। रवीन्द्र सिंह ने इस बारे में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के निजी सचिव बंसत लाल शर्मा को बताया।
इस पर बंसत लाल शर्मा ने 04 फरवरी को थाना सदर बाजार में इस संबंध में लिखित तहरीर दी। इसके बाद, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए सर्विलांस की मदद ली। आरोपी को ईगल ग्राउण्ड से गिरफ्तार किया गया और जेल भेज दिया गया।
बताया जाता है कि इस जालसाज ने नगर आयुक्त शशांक चौधरी को भी किसी काम के लिए फोन किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।