आगरा से झांसी तक रोमांच की गर्जनाः जंगल, डैम और दुर्गम पथों को चीरती एडवेंचर रैली ने लिखी साहस और संतुलन की कहानी
आगरा। रफ्तार, संतुलन और साहस की कड़ी परीक्षा उस वक्त देखने को मिली, जब द आगरा ताज कार एडवेंचर रैली का कारवां शनिवार सुबह पूरे जोश और गर्जना के साथ आगरा से झांसी के लिए रवाना हुआ। मोटर स्पोर्ट्स क्लब ऑफ आगरा, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोमांचक रैली में कुल 77 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 52 कार ड्राइवर और 25 बाइक राइडर शामिल हैं। तीन चरणों में होने वाली इस रैली के दौरान प्रतिभागी करीब 800 किलोमीटर का चुनौतीपूर्ण सफर तय करेंगे।
शनिवार सुबह फतेहाबाद रोड स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरिएट से जैसे ही रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, इंजनों की गूंज और प्रतिभागियों के उत्साह ने पूरे माहौल को रोमांच से भर दिया। रैली का मार्ग न केवल लंबा बल्कि अत्यंत दुर्गम और साहस की कसौटी पर खरा उतरने वाला रहा।
होटल से प्रस्थान के बाद कारवां केपीएस टाउनशिप, आगरा–ग्वालियर बायपास, उजरा रोड, जैतपुर कैनाल क्रॉसिंग और पौंटून पूल क्रॉसिंग से होता हुआ आगे बढ़ा। इसके बाद सुकमा–दुकमा डैम, सुकमा–दुकमा कैनाल के घने जंगल, डोंगरी डैम और ऊबड़-खाबड़ पथरीले रास्तों ने प्रतिभागियों के ड्राइविंग और राइडिंग कौशल की कड़ी परीक्षा ली।
धूल भरे ट्रैक, संकरे मोड़, पत्थरों से भरे रास्ते और प्राकृतिक बाधाओं के बीच प्रतिभागियों ने संयम, संतुलन और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। कई स्थानों पर रास्ते इतने चुनौतीपूर्ण थे कि रणनीतिक निर्णय और सटीक टाइम मैनेजमेंट ही सफलता की कुंजी साबित हुए।
झांसी पहुंचने पर प्रतिभागियों ने इस कठिन लेकिन रोमांचकारी सफर को जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। रैली के संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया और चेयरमैन राममोहन कपूर ने कहा कि यह आयोजन आगरा से झांसी तक के पूरे मार्ग पर रोमांच, ऊर्जा और खेल भावना का अनुपम उदाहरण बन गया है, जिसने मोटरस्पोर्ट्स प्रेमियों के लिए एक यादगार अध्याय रच दिया।
रविवार को होगा परिणाम घोषित
रविवार प्रातः झांसी से रैली का अगला और अंतिम चरण प्रारंभ होगा, जिसमें प्रतिभागी पुनः आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस निर्णायक चरण में प्रदर्शन और समय के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा। आगरा पहुंचने के बाद सायंकाल पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
आगरा–बुंदेलखंड पर्यटन को बढ़ावा देना लक्ष्य
कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल और अध्यक्ष खेल अमित मित्तल ने बताया कि इस एडवेंचर रैली का उद्देश्य केवल मोटरस्पोर्ट्स को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि आगरा से झांसी तक फैले ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना भी है। रैली मार्ग में शामिल ग्रामीण अंचल, जंगल, डैम और प्राकृतिक दृश्य प्रतिभागियों को बुंदेलखंड की भौगोलिक विविधता से रूबरू करा रहे हैं। ऐसे आयोजन क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और एडवेंचर टूरिज्म को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव गुप्ता, अर्पित अग्रवाल, सह सचिव करण अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, रामप्रताप सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Top of Form
Bottom of Form