असम से बंगाल तक पीएम मोदी का सख्त संदेश, घुसपैठ, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण पर तीखा हमला
पीएम नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में बागुरुम्बा दोहोउ 2026 कार्यक्रम से कांग्रेस और टीएमसी पर घुसपैठ, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने असम में शांति, संस्कृति और विकास की वापसी को भाजपा सरकार की उपलब्धि बताया। पीएम ने काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और बंगाल में नए विकास प्रोजेक्ट्स का ऐलान करते हुए पूर्वी भारत को विकास की नई धुरी बनाने का संदेश दिया।
बागुरुम्बा दोहोउ मंच से कांग्रेस–टीएमसी पर निशाना, काजीरंगा कॉरिडोर और अमृत भारत ट्रेनों का ऐलान, पूर्वी भारत को विकास की नई दिशा
गुवाहटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम और पश्चिम बंगाल को केंद्र में रखकर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित बोडो समुदाय के पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बागुरुम्बा दोहोउ 2026’ में शामिल होते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद असम के सामने कई गंभीर चुनौतियां थीं, लेकिन कांग्रेस ने समस्याओं का समाधान करने के बजाय घुसपैठियों को संरक्षण दिया।
कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप
पीएम मोदी ने कहा कि जब असम को अपने लोगों के जख्म भरने और सेवा की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने घुसपैठियों की सेवा की। उन्होंने आरोप लगाया कि यही घुसपैठिये कांग्रेस के “कट्टर वोटर” रहे हैं, जिन्होंने जमीनों पर कब्जा किया और कांग्रेस ने उनकी मदद की। पीएम ने हिमंता बिस्वा सरमा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि आज राज्य में लाखों बीघा जमीन घुसपैठियों से मुक्त कराई जा रही है, जिससे शांति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का माहौल बना है।
‘जहां कर्फ्यू था, वहां अब संस्कृति’
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय असम में आए दिन रक्तपात और कर्फ्यू का सन्नाटा रहता था, लेकिन आज वहां संस्कृति के रंग और संगीत की गूंज सुनाई दे रही है। यह बदलाव भाजपा सरकार की नीतियों और सुशासन का परिणाम है।
भूपेन हजारिका और सेमीकंडक्टर मुद्दा
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि यही पार्टी कभी भूपेन हजारिका को भारत रत्न देने का विरोध करती थी। उन्होंने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के एक मंत्री पर असम में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर यूनिट का विरोध करने का आरोप भी लगाया।
पूर्वी भारत पर फोकस: विकास से विश्वास
पीएम ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में पूर्वी भारत की भूमिका अहम है। भाजपा ने दशकों से नफरत की राजनीति से जकड़े इस क्षेत्र को मुक्त किया है। असम की प्रगति से भारत की ग्रोथ स्टोरी को नई ताकत मिल रही है।
टीएमसी पर बंगाल में तीखा प्रहार
पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने टीएमसी पर आरोप लगाया कि वह घुसपैठियों को वोटर बना रही है, जिससे जनसांख्यिकीय संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को बंगाल में लागू न होने देने, महिला पत्रकार से अभद्रता, बेटियों की सुरक्षा और बाढ़ राहत में कथित घोटालों को भी टीएमसी सरकार की विफलता बताया।
इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं का ऐलान
पीएम मोदी गुवाहाटी में रात्रि विश्राम करेंगे और रविवार को कालियाबोर जाकर ₹6,957 करोड़ के काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना ट्रैफिक जाम कम करने और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अहम मानी जा रही है। इसके साथ ही पीएम दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—डिब्रूगढ़–गोमती नगर (लखनऊ) और कामाख्या–रोहतक—को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे।
बंगाल में भी विकास का रोडमैप
18 जनवरी को पीएम मोदी असम से पश्चिम बंगाल जाएंगे, जहां सिंगूर के बालागढ़ में एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम और ₹830 करोड़ के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। हावड़ा, सियालदह और संतरागाछी से तीन और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।