कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती पर आगरा में 24 को बाइक रैली से लेकर वृद्धजन सम्मान जैसे आयोजन
आगरा। जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती को लेकर आगरा में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। सविता सैन नन्द महासभा की ओर से यह जयंती समारोह पूरे सम्मान, जोश और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया जाएगा। बुधवार को वाटरवर्क्स स्थित होटल अतिथिवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने समारोह के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया।
महासभा के संस्थापक चंद्रभान सिंह समाधिया ने जानकारी दी कि जयंती समारोह 24 जनवरी को राजपुर चुंगी स्थित कर्पूरी चौक पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी, जिसके उपरांत भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी।
बाइक रैली कर्पूरी चौक से प्रारंभ होकर राजपुर रोड, शहीद नगर तिराहा, विवेकानंद चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा, नेताजी सुभाष चंद्र चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः कर्पूरी चौक पर समाप्त होगी। यह रैली जननायक के विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत जितेन्द्र कुमार सविता, बृज क्षेत्र संयोजक भाजपा द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर आगरा से 94,435 पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे जाएंगे, जिनके माध्यम से कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने पर आभार व्यक्त किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष मनीष मालोनिया ने बताया कि समारोह में सविता समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और वयोवृद्धजनों को वृद्धजन सम्मान समारोह के तहत सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर समाज की राजनीतिक भागीदारी और संख्या बल के आधार पर सशक्त भूमिका पर भी जोर दिया जाएगा।
समारोह का उद्घाटन पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भुवन भूषण मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। कार्यक्रम में गौरव नन्द सहित अन्य विधायक प्रत्याशी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर जितेन्द्र कुमार सविता, रामसेवक वर्मा, मनोज कुमार, विजय कुमार समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।