क्लू से कातिल तक, कैसे गोल्डन नेल पेंट व नीली जैकेट ने सुलझा दिया मिंकी शर्मा हत्याकांड

आगरा की HR मैनेजर मिंकी शर्मा की सिर कटी लाश यमुना पुल पर मिलने के बाद पुलिस ने गोल्डन नेल पेंट जैसे छोटे क्लू से उसकी पहचान की। CCTV और CDR के जरिए बॉयफ्रेंड विनय सिंह तक पहुंचकर रिकॉर्ड समय में हत्या का खुलासा किया गया। हालांकि, 5 दिन बाद भी मिंकी का सिर नहीं मिल सका है।

Jan 28, 2026 - 18:32
 0
क्लू से कातिल तक, कैसे गोल्डन नेल पेंट व नीली जैकेट ने सुलझा दिया मिंकी शर्मा हत्याकांड
विनय और मिंकी

एचआर मिंकी शर्मा मर्डर की पूरी इन्वेस्टिगेशन स्टोरी, 5 दिन बाद भी नहीं मिला सिर, झरना नाले में सर्च ऑपरेशन फेल

आगरा। आगरा में एचआर मैनेजर मिंकी शर्मा की नृशंस हत्या को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक उसका कटा हुआ सिर बरामद नहीं कर सकी है। झरना नाले और आसपास के इलाकों में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली। हालांकि, पुलिस ने रिकॉर्ड समय में कातिल तक पहुंचकर इस जघन्य अपराध की परतें खोल दीं।

यमुना पुल पर खौफनाक कॉल

24 जनवरी की तड़के सुबह 4 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल आती है,“यमुना के जवाहर पुल पर पीले रंग के बोरे में लाश पड़ी है।” पुलिस मौके पर पहुंची। बोरा खोला गया, अंदर काली पॉलिथीन मिली, जो सफेद टेप से पूरी तरह पैक थी। पॉलिथीन से खून रिस रहा था। जैसे ही पॉलिथीन खोली गई, पुलिस के सामने एक युवती की न्यूड बॉडी थी। सिर गायब, गला बेरहमी से कटा हुआ था।

दो बड़े सवाल, जिन पर अटक गई जांच

डीसीपी सैयद अली अब्बास के मुताबिक पुलिस के सामने दो सबसे बड़ी चुनौतियां थीं। पहली लड़की की पहचान कैसे हो? दूसरा कटा हुआ सिर आखिर कहां गया?

क्राइम सीन ने खोले कई राज

पुल के पास जहां बोरा मिला था, वहां से थोड़ी दूरी पर खून फैला था। बोरे को घसीटने के निशान थे। पुल की जाली पर करीब 3 फीट ऊंचाई तक खून लगा था। इससे पुलिस ने अंदाजा लगाया कि लाश को लाने वाला व्यक्ति अकेला था। वजन ज्यादा होने की वजह से वह बोरे को सीधे यमुना में नहीं फेंक सका।

शादीशुदा नहीं थी लड़की, यहीं से मिली पहली दिशा

लड़की के पैरों में बिछुए नहीं थे, जिससे साफ हुआ कि वह शादीशुदा नहीं है। लाश यमुना ओवरब्रिज पर मिली थी। पुलिस को शक हुआ कि लड़की आगरा की ही रहने वाली है। अगर बाहर की होती, तो कातिल फरह या उससे पहले ही बॉडी फेंक देता।

44 थाने, 5 मिसिंग लड़कियां और एक छोटा सा क्लू

आगरा के 44 थानों से पिछले दो दिनों में लापता लड़कियों की सूची मंगवाई गई। कुल 5 लड़कियां मिसिंग थीं। लेकिन असली ब्रेकथ्रू मिला, लाश के अंगूठे पर लगा गोल्डन नेल पेंट। पुलिस ने पांचों परिवारों को बुलाया और उनकी बेटियों की नेल पॉलिश मंगवाई। अलग-अलग पन्नों पर नेल पेंट लगाए गए और तुलना की गई। गोल्डन नेल पेंट का मैच हो गया मिंकी शर्मा के नेल पर लगे पेंट से। फोटो से पुष्टि हुई कि लाश कालिंदी विहार, पार्वती नगर निवासी एचआर मैनेजर मिंकी शर्मा की थी। 

अब फोकस कातिल पर: सीसीटीवी ने दिखाई नीली जैकेट

शव की पहचान के बाद पुलिस कस सामने अगला टास्क था, कातिल की तलाश। इसके लिए पुलिस ने मिंकी के ऑफिस से यमुना पुल तक के सीसीटीवी खंगाले। दीवानी इलाके के पास एक फुटेज मिला। उसमें मिंकी की स्कूटी और नीली जैकेट पहना युवक दिखाई दे रहा था। उसके पीठ पर बैग था। भगवान टॉकीज के सीसीटीवी में स्कूटी के आगे पीला बोरा साफ नजर आया। अब साफ हो गया था लाश इसी युवक ने फेंकी थी।

सीडीआर ने खोला नाम

मिंकी की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकाली गई। एक नंबर पर लगातार बात हो रही थी, जो विनय सिंह का था। विनय उसी कंपनी दिविशा टेक्नोलॉजी में अकाउंटेंट था, जहां मिंकी एचआर मैनेजर थी। जांच में पता चला कि विनय ट्रांस यमुना कॉलोनी, C-ब्लॉक में रहता है। पुलिस ने उसे घर से हिरासत में ले लिया।

1 घंटे में टूटा कातिल, कबूला जुर्म

जब विनय को सीसीटीवी फुटेज और बोरे के सबूत दिखाए गए, वह सिर्फ 1 घंटे में टूट गया। उसका बयान चौंकाने वाला था। “मिंकी न मुझे छोड़ रही थी, न शादी कर रही थी। किसी और के साथ भी घूमती थी। खर्च मैं उठाता था, इसलिए मैंने उसे मारने की प्लानिंग की।”

कोई पछतावा नहीं’—कातिल का ठंडा बयान

इंस्पेक्टर ने विनय से पूछा “कोई पछतावा है?” विनय का जवाब था  “नहीं। वो मुझे धमकाती थी। मैं शादी करना चाहता था, इसलिए मुझे कोई अफसोस नहीं।”

हत्या की पूरी कहानी

विनय ने बताया कि उसने मिंकी को बात करने के बहाने ऑफिस बुलाया था। पहले दोनों में बहस हुई। इसी दौरान पहले से तय प्लान के तहत उसने चाकू निकाला और गला काट दिया। मिंकी के शरीर पर 9 गहरे चाकू के घाव थे। इसके बाद ऑफिस के बाहर डस्टबिन से काली पॉलिथीन उठाई, बॉडी पैक की और यमुना पुल तक ले गया।

3 साल का रिश्ता, 6 महीने की कड़वाहट

मिंकी और विनय 3 साल से साथ काम कर रहे थे। प्यार हुआ, शादी की बात चली। विनय के घरवाले इस शादी के लिए तैयार थे। मिंकी ने भी हामी भरी थी। लेकिन पिछले 6 महीने से मिंकी पीछे हटने लगी। विनय को शक हुआ कि उसका किसी और से अफेयर है। यहीं से शुरू हुई जलन और अंत खून से हुआ।