भक्ति से सेवा तक: श्रीकृष्ण लीला समिति का रक्तदान शिविर, मानवता को समर्पित हुई भक्ति की मिसाल

आगरा। सेवा को भक्ति का सर्वोच्च रूप मानने वाली श्रीकृष्ण लीला समिति ने अपने 100 वर्षों के इतिहास में पहली बार एक अद्वितीय मिसाल पेश की। वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर ने न केवल मानवता का संदेश दिया बल्कि यह सिद्ध किया कि भक्ति केवल आराधना नहीं, बल्कि सेवा भी ईश्वर की प्राप्ति का सच्चा मार्ग है।

Oct 29, 2025 - 18:45
 0
भक्ति से सेवा तक: श्रीकृष्ण लीला समिति का रक्तदान शिविर, मानवता को समर्पित हुई भक्ति की मिसाल
श्रीकृष्ण लीला के अंतर्गत बुधवार को आयोजित किये गये शिविर में रक्तदान करते लोग। 

-श्रद्धा और सेवा का अनोखा संगम, 100 वर्षों में पहली बार श्रीकृष्ण लीला स्थल पर उमड़े रक्तदाता

शिविर का शुभारंभ एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि, श्रीकृष्ण लीला न केवल धर्म और संस्कृति का उत्सव है, बल्कि यह समाज में जीवनदान और एकता का प्रतीक भी बन गया है।

समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण लीला महोत्सव अपने शताब्दी पर्व पर कई नई परंपराओं की नींव रख रहा है। पहले जहां लीला का शुभारंभ यमुना मैया के चुनरी मनोरथ से हुआ था, वहीं अब यह सेवा की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बनी है। उन्होंने बताया कि आगामी चरण में श्रीकृष्ण को प्रिय कदंब के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह

इस सेवा पर्व की सबसे प्रेरणादायक झलक तब देखने को मिली जब सबसे पहले रक्तदान करने वालों में महिलाएं आगे रहीं। रिंकिता अग्रवाल और रागिनी अग्रवाल ने शिविर की शुरुआत की, जबकि पुरुष वर्ग में महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा और पंडित पंकज शास्त्री ने उदाहरण प्रस्तुत किया।

रक्तदान करने वालों में आयुष बंसल, अनुराग गोयल, अंकित अग्रवाल, कन्हैया अग्रवाल, आशु बंसल, क्षितिज बंसल, राजेश अग्रवाल, अंकित चौहान, सनी गुप्ता, सुमित अग्रवाल, प्रमोद कुमार आदि शामिल रहे।

समर्पण की मिसाल बनी ब्लड बैंक टीम

शिविर के सफल संचालन में एसएन मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक टीम का सहयोग उल्लेखनीय रहा। टीम में डॉ. विनय गोयल, डॉ. सूरज, डॉ. काव्या, प्रमोद कुमार, सुरेंद्र सिंह, दिव्या, सृष्टि, गरिमा और गौरव सिंह ने पूरी निष्ठा से कार्य किया।

अंत में समिति की ओर से सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया।
लीला संयोजक शेखर गोयल ने कहा कि यह आयोजन केवल रक्तदान नहीं, बल्कि भक्ति से सेवा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।

SP_Singh AURGURU Editor