आगरा में गैंगरेप पीड़िता के साथ दरिंदगी, आरोपी पक्ष का वकील बना हैवान
आगरा। आगरा में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां उस युवती के साथ वकील ने ही रेप किया, जिसने पहले से गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करा रखा था। आरोपी वकील उन्हीं आरोपियों का पक्ष लड़ रहा था।
होटल में किया रेप, पुलिस से बचने को भागने के चक्कर में टूटी दोनों टाँगें
आगरा। आगरा में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां उस युवती के साथ वकील ने ही रेप किया, जिसने पहले से गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करा रखा था। आरोपी वकील उन्हीं आरोपियों का पक्ष लड़ रहा था।
औरेया निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2022 में उसने एत्मादपुर क्षेत्र के कुछ युवकों पर गैंगरेप का केस दर्ज कराया था। गुरुवार को केस की तारीख पर आगरा पहुंची थी। तभी आरोपी पक्ष के अधिवक्ता जितेंद्र सिंह धाकरे उर्फ संतोष सिंह ने उसे फोन किया और कहा कि “समझौता करा दूंगा, झंझट खत्म कर देते हैं।” पीड़िता राजी हो गई। इसके बाद वकील उसे अपनी कार से ले गया और रास्ते में बीयर पिलाई।
होटल में ले जाकर किया रेप
वकील पहले उसे कुबेरपुर लेकर गया, जहां एक आरोपी से मिलवाया। बात नहीं बनी तो उसने कहा कि रात आगरा में ही रुक जाओ। युवती उसके झांसे में आ गई। वकील उसे शिल्पग्राम के पास स्थित होटल ताज रॉयल ले गया और कमरा नंबर 106 बुक कराया। रात में वह दोबारा कमरे में लौटा और “केस पर बात करनी है” कहकर अंदर आया। इसके बाद जबरन युवती को दबोच लिया और रेप किया। किसी तरह मौका पाकर युवती कमरे से निकल भागी और अगले दिन थाने पहुंचकर तहरीर दी।
पुलिस ने पकड़ा, छत से कूदते वक्त टूटे पैर
एफआईआर दर्ज होने के बाद एकता थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार शाम को जब टीम ट्रांसयमुना जी ब्लॉक स्थित घर पहुंची तो आरोपी वकील छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसके दोनों पैर की हड्डी टूट गई । पुलिस ने उसे घायल अवस्था में पकड़कर एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
सीसीटीवी फुटेज और होटल रिकॉर्ड पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने होटल से रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। रिकॉर्ड में वकील की एंट्री दर्ज मिली। फोरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। युवती का मेडिकल कराया गया है और उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जा रहे हैं।
परिवार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
छानबीन में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी जितेंद्र सिंह का भाई जेपी धाकरे भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वह कुछ समय पहले “लुटेरी दुल्हन” प्रकरण में जेल जा चुका है।