आगरा को सोलर व साइंस सिटी का तोहफा, बिहारीजी कॊरिडोर के लिए 150 करोड़
आगरा। उत्तर प्रदेश के वर्ष 2025-26 के बजट में बृज क्षेत्र को कई तोहफे मिले हैं। बजट में जहां वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर का कॊरिडोर बनाने की घोषणा की गई है, वहीं आगरा को साइंस सिटी का तोहफा मिला है। आगरा को सोलर सिटी बनाने की घोषणा भी की गई है। आगरा में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाने का उल्लेख भी बजट में है।

आगरा में साइंस सिटी की स्थापना की महत्वपूर्ण घोषणा बजट में हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि साइंस सिटी कहां पर स्थापित की जाएगी। यह आने वाले दिनों में ही साफ होगा, लेकिन आगरा के लिहाज से यह अहम घोषणा है। इसके साथ ही आगरा में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाने की घोषणा भी बजट में की गई है।
यूपी के बजट में आगरा समेत यूपी के कई महानगरों को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की गई है। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र की सारी स्ट्रीट लाइटों को सोलर ऊर्जा से जोड़ा जाएगा।
आगरा के लिहाज से यूपी के बजट में आगरा एयरपोर्ट का भी जिक्र किया गया है। आगरा एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव का विकास कार्य तेजी से कराने की बात कही गई है।