‘क्यूट गर्ल’ के जाल में फंसी युवती, तीन आरोपी फोटो एडिट कर ब्लैकमेल कर रहे
आगरा। पिनाहट कस्बे के एक मोहल्ले में एक युवती के साथ साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने इंस्टाग्राम पर क्यूट गर्ल नाम से फर्जी आईडी बनाकर युवती को गुमराह किया। उसके फोटो हासिल कर लिए। फोटो एडिट कर ब्लैकमेल करने लगा। युवती ने तीन आरोपियों के खिलाफ थाना पिनाहट में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित युवती ने दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसने अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम पर अपनी एक आईडी बना रखी थी। उसे क्यूट गर्ल नाम की एक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। महिला मानकर उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद युवती की कथित महिला आईडी पर बातचीत होने लगी। युवती उसे महिला दोस्त समझती रही। कथित महिला दोस्त ने बातों बातों में उसके फोटो ले लिए।
अगस्त 2024 में इंस्टाग्राम की महिला फ्रेंड ने युवती को मिलने के लिए बुलाया। युवती जब मिलने पहुंची तो उसे अपने साथ हुए धोखे का खुलासा हुआ क्योंकि जिसे वह महिला समझकर बातचीत कर रही थी, वह दरअसल पिनाहट थाना क्षेत्र के देवगढ़ गांव निवासी रामरक्षक का पुत्र सत्यम निकला। उसने अपनी पहचान छिपाकर इंस्टाग्राम पर क्यूट गर्ल के नाम से अपनी आईडी बनाई थी।
इस मुलाकात में ही सत्यम ने युवती को उसके कुछ फोटोग्राफ दिखाए जो उसी के फोटो को एडिट कर तैयार किए गए थे। सत्यम ने युवती को धमकी दी कि अगर उससे मिलना बंद किया तो वे इन फोटोग्राफ्स को इंटरनेट पर वायरल कर देगा।
आरोपी युवक सत्यम ने युवती से फोटो डिलीट करने के एवज में रुपये भी हड़प लिए। तंग आकर पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी सत्यम, उसके जीजा विवेक धाकरे और एक अन्य दीपक चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।