आगरा के आंवलखेड़ा में छात्राओं से दिनदहाड़े छेड़छाड़: बचने को एक घर में शरण लेनी पड़ी
आगरा। थाना बरहन क्षेत्र के आंवलखेड़ा में शुक्रवार मध्याह्न छात्राओं से छेड़छाड़ का शर्मनाक मामला सामने आया है। कोचिंग से लौट रहीं दो छात्राओं का बाइक सवार युवकों ने न केवल पीछा किया, बल्कि उनके साथ अश्लील हरकतें भी कीं। छात्राओं को जान बचाने के लिए मजबूर होकर एक मकान में शरण लेनी पड़ी। यह घटना लड़कियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रही है।
दिनदहाड़े पीछा, रास्ते में छेड़छाड़
करीब दोपहर 12 बजे के आसपास छात्राएं अपनी सहेलियों के साथ कोचिंग से घर लौट रही थीं। रास्ते में अचानक बाइक पर आए दो युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद युवकों ने छात्राओं से छेड़छाड़ की और अश्लील हरकतें करने लगे।
शोर मचाकर मकान में घुसकर बचीं
आरोपियों की हरकतों का विरोध करते हुए छात्राओं ने जोर-जोर से शोर मचाया और घबराकर वे पास ही के एक मकान में दौड़कर घुस गईं। मकान के भीतर मौजूद लोगों के बाहर आने से पहले ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद छात्राओं ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने तुरंत आंवलखेड़ा पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े छात्राओं के साथ ऐसी घटना होना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की पोल खोल रहा है।