जीएलए यूनिवर्सिटी का 14वां दीक्षांत समारोह कल: 5548 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी होंगे मुख्य अतिथि
मथुरा। जीएलए विश्वविद्यालय कल अपने 14वें दीक्षांत समारोह का आयोजन भव्यता के साथ करने जा रहा है, जिसमें वर्ष 2025 में विभिन्न पाठ्यक्रमों से उत्तीर्ण 5548 विद्यार्थियों को उपाधियां और 42 मेधावियों को स्वर्ण–रजत पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि पद्मश्री प्रो. एचसी वर्मा और शिवम पुरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

जीएलए विवि के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल और कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता।
5548 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, 42 मेधावियों को पदक
जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के 14वें दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के 5548 सफल विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 21 गोल्ड मेडल, 21 सिल्वर मेडल और सेंटर ऑफ डिस्टेंस ऑनलाइन एजुकेशन की 1166 डिग्रियां शामिल हैं।
कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने बताया कि ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में बीएससी ऑनर्स, बीटेक, बीकॉम ऑनर्स, एमबीए, एमटेक, एमएससी, एलएलएम, डिप्लोमा सहित अनेक संकायों के विद्यार्थियों को दीक्षांत उपाधियां सौंपी जाएंगी।
समारोह के मुख्य अतिथि: केंद्रीय राज्यमंत्री, वित्त मंत्रालय पंकज चौधरी, विशिष्ट अतिथि पद्मश्री प्रो. एचसी वर्मा, पूर्व प्रोफेसर, आईआईटी कानपुर और शिवम पुरी, एमडी एवं सीईओ, सिप्ला हेल्थ लिमिटेड होंगे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल करेंगे।
शैक्षिक शोभायात्रा से होगी शुरुआत
कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षिक शोभायात्रा, दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और कुलाधिपति द्वारा उद्घोषणा से होगी। इसके बाद प्रगति प्रतिवेदन, मानद उपाधि वितरण, उपाधि प्रमाण पत्र वितरण, शपथ ग्रहण, पदक वितरण और मुख्य अतिथि का संबोधन होगा। धन्यवाद प्रस्ताव के बाद राष्ट्रीय गान तथा शोभायात्रा का प्रस्थान होगा।
इन पाठ्यक्रमों के छात्रों को दी जाएंगी उपाधियां
वर्ष 2025 में जिन पाठ्यक्रमों के छात्रों की उपाधि अनुमोदित की गई है, उनमें पीएचडी – 69 विद्यार्थी, बीएससी (एग्रीकल्चर, बायोटेक, केमिस्ट्री, फिजिक्स) – 122 विद्यार्थी, बीबीए – 215, बीबीए ऑनर्स – 147, फैमिली बिजनेस – 24, बीकॉम ऑनर्स (ग्लोबल एकाउंटिंग सहित) – 69, बीटेक (सीएस, ईसी, सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, बायोटेक आदि) – 1438 से अधिक विद्यार्थी, बीसीए – 476 विद्यार्थी, एमबीए – 604 विद्यार्थी, एमसीए – 240 विद्यार्थी, एमएससी, एमटेक, एमफार्म, एलएलएम – सैकड़ों विद्यार्थी और डिप्लोमा इंजीनियरिंग, फार्मेसी, लाइब्रेरी साइंस के 371 विद्यार्थी शामिल हैं।

दीक्षांत समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करते कुलसचिव अशोक कुमार सिंह और अन्य।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, पद्मश्री एचसी वर्मा और शिवम पुरी पहली बार जीएलए के बड़े समारोह में शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने भव्य स्वागत की विशेष व्यवस्था की है। मंगलवार को कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने अंतिम रिहर्सल की निगरानी की।