देश के शीर्ष डिबेटर बने जीएलए के रौनक: 506 प्रतियोगिताओं में हिस्सा, 252 प्रथम स्थान और नया रिकॉर्ड

जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के विधि संकाय के अंतिम वर्ष के छात्र रौनक उपमन्यु ने राष्ट्रीय स्तर की डिबेटिंग दुनिया में अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज करते हुए 506 प्रतियोगिताओं में भाग लेकर 252 बार प्रथम स्थान हासिल किया। अपनी अद्भुत तर्कशक्ति, वक्तृत्व कौशल और निरंतर जीत की श्रृंखला के बल पर रौनक देश के शीर्ष छात्र-डिबेटर के रूप में उभरकर सामने आए हैं।

Dec 11, 2025 - 18:12
 0
देश के शीर्ष डिबेटर बने जीएलए के रौनक: 506 प्रतियोगिताओं में हिस्सा, 252 प्रथम स्थान और नया रिकॉर्ड
रौनक उपमन्यु को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं देते जीएलए विवि के कुलपति प्रो. अनुप कुमर गुप्ता। साथ हैं विधि संकाय के डीन प्रो. सोमेश धमीजा।

मथुरा। जीएलए विश्वविद्यालय के विधि संकाय के छात्र रौनक उपमन्यु ने राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी बहस-प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, जिसने मिसाल कायम कर दी है। रौनक ने अब तक देश के प्रमुख आईआईटी, आईआईएम और शीर्ष विश्वविद्यालयों में आयोजित 506 बहस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है, जिनमें से 252 प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया है।

रौनक केवल प्रतिभागी ही नहीं, बल्कि देशभर की कई प्रतिष्ठित डिबेट प्रतियोगिताओं में जज की भूमिका भी निभा चुके हैं। यह उपलब्धि जीएलए विश्वविद्यालय के विधि संकाय के लिए भी गर्व क्षण है।

इस वर्ष रौनक ने 45 प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सभी में प्रथम स्थान हासिल किया, जो उनकी एकाग्रता, गहन तैयारी और मजबूत तर्कशक्ति का अद्भुत उदाहरण है। केवल पिछले 25 दिनों में दिल्ली आईआईटी संस्थान सहित 8 प्रथम पुरस्कार जीतकर उन्होंने अपनी निरंतर क्षमता सिद्ध की है। जिन प्रमुख संस्थानों में वे विजेता रहे, उनमें आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज, देहरादून प्रौद्योगिकी संस्थान, श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज और हिंदू कॉलेज शामिल हैं।

रौनक को दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज में आयोजित एक प्रतिष्ठित बहस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिलने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया था। इसके अलावा इंदौर इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ, आईआईटी दिल्ली और इंडियन नेशनल कांग्रेस द्वारा आयोजित युवा संसद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला और सांसद राजीव शुक्ला द्वारा सम्मानित किया गया।

रौनक की यह उपलब्धियां जीएलए विश्वविद्यालय के विधि संकाय की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, मूट कोर्ट अभ्यास, शोध-आधारित अध्ययन, केस-स्टडी मॉडल और अनुभवी प्राध्यापकों के मार्गदर्शन का परिणाम हैं, जिसने छात्रों को राष्ट्रीय मंचों पर प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाया है।

जीएलए विवि के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि रौनक ने अपने कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और वक्तृत्व कौशल से विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वहीं, विधि संकाय के डीन प्रो. सोमेश धमीजा ने रौनक की सफलता को विधि शिक्षा और युवा संसद परंपरा के लिए स्वर्णिम अध्याय बताया।

रौनक उपमन्यु, एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट के सुपुत्र हैं।

SP_Singh AURGURU Editor