जनकपुरी महोत्सव 2026 में दिखेगी अयोध्या धाम की झलक, मुख्य मार्ग पर बनेंगे दिव्य गलियारे, धार्मिक शिल्पकला और मूर्तियों से सजेगा आयोजन स्थल, विकास-सौंदर्यीकरण के लिए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को सौंपा गया ज्ञापन

आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक, भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार आयोजन समिति श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम जैसी आध्यात्मिक अनुभूति कराने की योजना पर काम कर रही है। महोत्सव स्थल को धार्मिक, सांस्कृतिक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए मुख्य मार्गों के विकास, आकर्षक गलियारों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

Jul 30, 2026 - 18:22
 0
जनकपुरी महोत्सव 2026 में दिखेगी अयोध्या धाम की झलक, मुख्य मार्ग पर बनेंगे दिव्य गलियारे, धार्मिक शिल्पकला और मूर्तियों से सजेगा आयोजन स्थल, विकास-सौंदर्यीकरण के लिए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को सौंपा गया ज्ञापन
जनकपुरी में विकास कार्यों के लिए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को ज्ञापन देते जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारी।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार 'राजू' यादव ने बताया कि कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के निकट लगभग 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विशाल जनक महल का निर्माण प्रस्तावित है। जनक महल के मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्ग को अयोध्या धाम के वर्तमान स्वरूप की तर्ज पर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत मुख्य मार्ग के दोनों ओर आकर्षक गलियारे बनाए जाएंगे। इन गलियारों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को दर्शाने वाली मूर्तिकला और शिल्पकला स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। उद्देश्य है कि जनकपुरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आयोजन स्थल पर प्रवेश करते ही आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक वैभव का अनुभव हो।

विकास कार्यों के लिए विधायक को सौंपा ज्ञापन

जनकपुरी महोत्सव आयोजन स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण को गति देने के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने स्थानीय विधायक एवं रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल को मांग पत्र सौंपा।

ज्ञापन में आयोजन स्थल की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की गई। समिति ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं, इसलिए आयोजन स्थल पर उच्चस्तरीय व्यवस्थाएं जरूरी हैं।

राजीव कुमार 'राजू' यादव ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्ष 2026 के आयोजन को ऐसा स्वरूप देने का लक्ष्य है, जो लंबे समय तक श्रद्धालुओं की स्मृतियों में बना रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के सहयोग से आयोजन स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य जल्द शुरू होंगे।

इन पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन सौंपने वालों में आयोजन समिति के मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, निमित्त पोरवाल, सुमन पोरवाल, नीरज मिश्रा, स्थानीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, साहूकार उपाध्याय, सोनू गिरी, अनिल दीक्षित, अरुण अग्रवाल और राजीव अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय कार्यालय पर हुई महाआरती

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के केंद्रीय कार्यालय पर नियमित रूप से चल रही महाआरती में भी श्रद्धालुओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को आयोजित महाआरती का आयोजन नील फ्लोरेंस अपार्टमेंट परिवार की ओर से किया गया।

महाआरती हनुमत धाम लंगड़े की चौकी मंदिर के महंत गोपी गुरुद्वारा ने विधिविधान के साथ संपन्न कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और रामभक्त शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने जनकपुरी महोत्सव 2026 की सफलता और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

SP_Singh AURGURU Editor