गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: लूथरा बदर्स की जमानत याचिका खारिज
गोवा नाइट क्लब में आग लगने की घटना के बाद देश छोड़कर भागे लूथरा ब्रदर्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पासपोर्ट रद्द होने के बाद थाईलैंड में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की कोर्ट ने कोई राहत देने से इंकार कर दिया। भारत पहुंचने पर अब लूथरा ब्रदर्स को गोवा पुलिस अरेस्ट करेगी।
पणजी/नई दिल्ली। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के बाद देश छोड़कर भागे लूथरा ब्रदर्स को बड़ा झटका लगा है। थाईलैंड में गौरव और सौरभ लूथरा को अरेस्ट किए जाने के बाद गुरुवार को दिल्ली की कोर्ट ने जमानत देने से इंकार कर दिया। गोवा के नाइट क्लब में आग लगने की घटना के बाद दोनों मालिक इंडिगो की फ्लाइट से भाग गए थे। इसके बाद गोवा पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स पर शिकंजा कसा था। गोवा सरकार के आग्रह पर भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने दोनों भाईयों के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए थे। दोनों भाईयों ने चारों तरफ से शिकंजा कसने के बाद दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। गोवा के 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हुई थी। यह भयावह हादसा 7 दिसंबर को हुआ था।
गोवा के नाइट क्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' के भगोड़े मालिकों में शामिल सौरभ और गौरव लूथरा घटना के बाद फुकेट के लिए रवाना हुए थे। गुरुवार को रोहिणी कोर्ट की जज वंदना ने लूथरा ब्रदर्स की याचिका को खारिज कर दिया। अब दोनों भाईयों के भारत पहुंचने पर गिरफ्तार करने में कोई बाधा नहीं आएगी। लूथरा ब्रदर्स की तरफ से सीनियर एडवोकेट तनवीर अहमद ने कोर्ट में कहा कि एफआईआर के अनुसार यह घटना लापरवाही से हुई थी न कि हत्या के इरादे से हुई। वकील ने कहा कि लूथरा ब्रदर्स फरार नहीं है। आरोपी दोषी नहीं है। कोर्ट ने इन दलीलों को सुनने के बाद बेल याचिका खारिज कर दी।
गोवा अग्निकांड में भगोड़े मालिकों का पासपोर्ट रद्द होने और थाईलैंड में गिरफ्तारी के बाद उन्हें भारत लाया जा रहा है। यहां पहुंचने पर गोवा पुलिस दोनों भाईयों को अपनी कस्टडी में लेगी। गोवा पुलिस और गृह मंत्रालय के एक्शन से 4 दिन के अंदर थाइलैंड में पकड़ लिए गए। हादसे के वक्त लूथरा ब्रदर्स दिल्ली में थे। इससे उन्हें भागने का मौक़ा मिल गया था। क्लब में क़रीब 12 बजे आग लगी और लूथरा ब्रदर्स ने शातिरपन दिखाते हुए कुछ ही देर में 1.15 AM पर थाइलैंड का टिकट किया। वह दिल्ली से 5.30 की फ्लाइट लेकर देश छोड़ भागे। गोवा पुलिस ने एक अन्य मालिक अजय गुप्ता को पहले ही अरेस्ट किया हुआ है।