100 करोड़ लोगों के बीमा का लक्ष्य: आगरा में केशव मौर्य बोले- ‘छोटी बीमा पॉलिसी ही बदलेगी देश की तस्वीर, असली विस्तार तभी माना जाएगा जब हर गरीब तक सुरक्षा की यह ढाल पहुंचेगी

आगरा। बीमा क्षेत्र में आम आदमी की भागीदारी बढ़ाने और 90-100 करोड़ लोगों को बीमा कवरेज देने के लक्ष्य को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को आगरा में कहा कि केवल बड़े पॉलिसी होल्डर पर ध्यान देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि छोटे और गरीब वर्ग तक बीमा पहुंचाना ही “विकसित और आत्मनिर्भर भारत” की असली नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि पॉलिसी पर जीएसटी हटने से व्यापार में तेजी आई है, लेकिन अब चुनौती व्यापक कवरेज की है।

Apr 12, 2026 - 14:07
 0
100 करोड़ लोगों के बीमा का लक्ष्य: आगरा में केशव मौर्य बोले- ‘छोटी बीमा पॉलिसी ही बदलेगी देश की तस्वीर, असली विस्तार तभी माना जाएगा जब हर गरीब तक सुरक्षा की यह ढाल पहुंचेगी
रविवार को आगरा में नेशनल फैडरेशन ऑफ इन्श्योरेन्स फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया (उत्तर-मध्य क्षेत्र) की क्षेत्रीय आम सभा को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। मंच पर मौजूद हैं फेडरेशन के पदाधिकारी।

जीएसटी हटने से बढ़ा बीमा व्यापार

नेशनल फैडरेशन ऑफ इन्श्योरेन्स फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया (उत्तर-मध्य क्षेत्र) की होटल ग्रांड मरक्युर में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय आम सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पॉलिसी पर जीएसटी समाप्त होने से बीमा व्यापार में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हुई है।
उन्होंने कहा कि एलआईसी देश का सबसे बड़ा जीवन बीमा संस्थान है, लेकिन इसके बावजूद देश की बड़ी आबादी अभी भी बीमा दायरे से बाहर है।

छोटे ग्राहकों को कवर किए बिना लक्ष्य अधूरा

मौर्य ने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि अधिकतर अधिकारी केवल बड़े पॉलिसी होल्डर की तलाश में रहते हैं, जबकि जरूरत इस बात की है कि छोटी पॉलिसियों के जरिए गरीब और निम्न आय वर्ग को जोड़ा जाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक बीमा नहीं पहुंचेगा, तब तक प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा।

समस्याएं पहुंचेंगी वित्त मंत्री तक

उपमुख्यमंत्री ने विकास अधिकारियों की समस्याओं को केंद्र सरकार की वित्त मंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार की वित्तीय एवं जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए एलआईसी को और अधिक सशक्त बनाने में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

संगठन पदाधिकारियों ने रखे विचार

कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव विवेक सिंह ने संगठन की गतिविधियों और विकास अधिकारियों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
क्षेत्रीय सचिव संजय शाही ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
अतिथियों का स्वागत मंडलीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी एवं मंडलीय सचिव मुकुल उपमन्यु ने किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, राजकुमार गुप्ता, विधानसभा सदस्य विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, भगवान सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय बाबू, महासचिव विवेक सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मनीष रस्तोगी, सचिव संजय शाही, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मिहिर लोहखंडवाला, ऑल इंडिया रेजिडेंट सेक्रेटरी करण बुटोला (दिल्ली), ऑल इंडिया ट्रेजरर राजीव कृष्ण त्रिपाठी (वाराणसी), वेस्टर्न ज़ोन के जोनल प्रेसिडेंट पी.एस. राणा (राजकोट), जोनल सेक्रेटरी मिलिंद मिश्रा (नासिक), सेंट्रल ज़ोन के क्षेत्रीय अध्यक्ष अभय सिंह परिहार (सतना), क्षेत्रीय सचिव अजय विज़रा (भोपाल), उत्तर-मध्य क्षेत्र के जोनल प्रेसिडेंट मनीष रस्तोगी (कानपुर) एवं जोनल सेक्रेटरी संजय साहू (गोरखपुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

700 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी

सम्मेलन में उत्तर-मध्य क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) की 225 शाखाओं से 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कुल 12 डिवीजनों- आगरा, वाराणसी, गोरखपुर, अलीगढ़, इलाहाबाद, फैजाबाद, कानपुर, देहरादून, हल्द्वानी, बरेली, मेरठ एवं लखनऊ के पदाधिकारियों और शाखा प्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को व्यापक और प्रभावशाली बना दिया।

SP_Singh AURGURU Editor