शहरभर में चल रहा गोवर्धन पूजन, वितरित हुआ अन्नकूट का भोग
आगरा। आज शहर भर के मंदिरों, पार्कों और घरों में गोवर्धन पूजन चल रहा है। जगह जगह अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। पूजन का कार्यक्रम दोपहर से शुरू हो गया था, जो देर रात्रि तक जारी है।
जीवनी मंडी स्थित श्रीखाटू श्याम मंदिर में गोवर्धन पूजा उल्लास के साथ आयोजित की गयी। मंदिर परिसर में गोवर्धन महाराज के स्वरूप की हजारों भक्तों ने खील बताशे और दूध के साथ पूजा कर परिक्रमा की। 251 किलो अन्नकूट की प्रसादी का भोग लगाया गया। अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि देर रात तक भक्तों की अंतहीन कतार पूजन कर प्रसादी ग्रहण करती रही। उन्होंने बताया कि अब देव उठनी एकादशी 11 नवंबर को श्रीखाटू श्याम जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
छलेसर रोड स्थित श्रीवरद वल्लभा महागणपति मंदिर में सैंकड़ों भक्तों ने सामूहिक पूजन किया। मंदिर परिसर में बने गिर्राज जी महाराज के स्वरूप की सभी ने परिक्रमा की। मुख्य पुजारी पंडित लखन दीक्षित ने विधि विधान से पूजन कराया।
मंदिर प्रबंधक नितिन शर्मा ने बताया कि 151 किलो अन्नकूट की प्रसादी का भोग प्रभु चरणों में अर्पित किया गया। महागणपति जी को विशेष मोदक अर्पित हुआ। खीर पूड़ी के साथ भक्तों ने प्रसादी का पान किया। भैया दूज पर महागणपति स्वर्णलंकारों से सुज्जित होकर दर्शन देंगे।
वजीर पुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में मानसी गंगा, हर गंगे, गोवर्धन की जय बोलो के जयकारों के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा की गयी। सात फुट के गोवर्धन महाराज के स्वरूप की महंत अनंत उपाध्याय, अशोक उपाध्याय, पंकज शास्त्री, मुकेश शर्मा ने सर्वप्रथम पूजा की। इसके बाद भक्तों को विधि विधान से पूजन अर्चन करवाया। भक्तों ने दूध की धार से गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगायी। 51 किलो अन्नकूट की प्रसादी का भंडारा भक्तों में वितरित किया गया।
पोला भाई ग्रुप द्वारा गोवर्धन पूजा एवं विशाल भण्डारे का आयोजन कमला नगर छोटे गुरूद्वारे के पास गणेश चौक कमला नगर - बल्केश्वर में किया गया। समिति के अध्यक्ष श्री संजय वर्मा (पोला भाई) ने बताया कि पूजन कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भक्तजनों ने गोवर्धन महाराज के दर्शन किए एवं विशाल भण्डारे में अन्नकूट प्रसाद ग्रहण किया। गोवर्धन महाराज की 32 फुट की काया को मथुरा वृन्दावन के कलाकारों के द्वारा फूल-बंगला एवं आकर्षक सजावट की गई। मीडिया प्रभारी श्री राजा शर्मा ने बताया कि पंडित श्री कृष्णा मिश्रा जी एवं आचार्य श्री सचिन दीक्षित जी द्वारा गोवर्धन महाराज की महाआरती की गई।
शहजादी मंडी स्थित श्री सनातन धर्म सभा मन्दिर शहजादी मंडी में श्री गोवर्धन पूजा उत्सव धूमधाम से मनाया गया । पंडित कृष्ण दत्त शास्त्री ने बताया कि गोवर्धन पर मंदिर के आंगन में गोबर से गोवर्धन बनाकर पूजा की गई। महाआरती के उपरांत भक्तों द्वारा परिक्रमा में भाग लिया एवं अन्न कूट प्रसाद भी ग्रहण किया।पूजन कार्य पंडित कृष्ण दत्त ने किया।
सर्वोत्तम सिंह, भूपेंद्र सिंह, ललित कुकरेजा, हेमंत सलूजा, सुनील दत्त शर्मा, चक्खन लाल, द्वारिका प्रसाद, अजय श्रीवास्तव,सुमित गर्ग, विशन, आशा अग्रवाल आदि ने व्यवस्था संभाली।
मारुति एनक्लेव स्थित मारुति नंदन मंदिर में
गोवर्धन पूजा के साथ ही अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। मारुति एनक्लेव वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना , सचिव सुधीर पाठक, विजय रायज़ादा, प्रह्लाद मित्तल, अनिल अरोरा, रजनेश यादव, रीतेश अग्रवाल आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।