श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में होगा भक्ति-संगीत का महासंगम, कन्हैया मित्तल समेत अन्य प्रख्यात कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, 2 से 4 सितंबर तक मथुरा के पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन,  पांच बड़े और 21 छोटे मंचों पर ब्रज कलाकार देंगे लोक प्रस्तुतियां

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर इस बार मथुरा भक्ति, संगीत और ब्रज संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आएगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से डैम्पियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में भजन, कीर्तन, लोकगायन, नृत्य और बांसुरी वादन के साथ देश के प्रख्यात कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण 4 सितंबर की शाम चर्चित भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या होगी।

Aug 25, 2026 - 19:25
 0
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में होगा भक्ति-संगीत का महासंगम, कन्हैया मित्तल समेत अन्य प्रख्यात कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, 2 से 4 सितंबर तक मथुरा के पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन,  पांच बड़े और 21 छोटे मंचों पर ब्रज कलाकार देंगे लोक प्रस्तुतियां

पहले दिन झांकी, भजन और लोकगायन का संगम

कार्यक्रम की शुरुआत 2 सितंबर को दोपहर 3 बजे से 3:10 बजे तक उद्घाटन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। इसके बाद 3:10 से 3:15 बजे तक श्याम जी शंख वादन करेंगे। शाम 4:15 से 6:15 बजे तक भारत भूषण भजन, कीर्तन और लोकगायन प्रस्तुत करेंगे।

शाम 6:15 से 7:40 बजे तक गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन की ओर से मुदरिया प्रेम एवं नंदोत्सव’ की झांकी गायन और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी।

दूसरे दिन कृष्णा कॉन्सर्ट बनेगा आकर्षण

3 सितंबर को शाम 4 से 5 बजे तक देवर्ष शर्मा भजन गायन करेंगे। इसके बाद शाम 5 से 7 बजे तक कृष्णा सागर कलेक्टिव की भजन जैमिंग होगी। शाम 7 से 9 बजे तक श्रुति अनंदिता वर्मा के निर्देशन में आरुष वर्मा, कमला बरेथ, निशु शर्मा, रालीग खान और सम्राट कुमार कृष्णा कॉन्सर्ट-डिवोशनल म्यूजिकल प्रस्तुति देंगे।

तीसरे दिन कन्हैया मित्तल की भजन संध्या

4 सितंबर को दोपहर 3 से 5 बजे तक मोहित शेवानी कृष्णानायन—सुनिए वो जो कभी कहा नहीं गया’ की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 5 से 7 बजे तक हार्टफुलनेस फाउंडेशन की प्रस्तुति होगी। इसमें स्नीति मिश्रा कृष्णः अनंत रंग, अनंत भाव’ प्रस्तुत करेंगी। वहीं अनिरबान भजन एवं बांसुरी वादन और मैत्रेयी राय भजन गायन करेंगी।

तीन दिवसीय आयोजन का समापन 4 सितंबर को शाम 7 से 9 बजे तक चर्चित भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या से होगा। भक्ति संगीत के क्षेत्र में लोकप्रिय कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति के साथ अन्य प्रमुख कलाकार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

पांच बड़े और 21 छोटे मंचों पर ब्रज संस्कृति की झलक

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए मथुरा पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को शहर में जगह-जगह भक्ति और संगीत का माहौल देखने को मिलेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से पांच बड़े और 21 छोटे मंच बनाए जाएंगे। इन मंचों पर ब्रज के कलाकार अपनी लोक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

पहली बार लगाए जाएंगे फूड स्टॉल

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से ब्रज की पारंपरिक भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक मंचीय प्रस्तुतियों के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह परिसर में पहली बार फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इससे श्रद्धालु भक्ति और संगीत की प्रस्तुतियों का आनंद लेने के साथ विभिन्न प्रकार के खान-पान का भी लुत्फ उठा सकेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor