सूरसदन में प्रतिभाओं का महासम्मान, ‘लक्ष्य’ के आठवें समारोह में 450 से अधिक मेधाओं का अभिनंदन, शिक्षा और एकजुटता का दिया संदेश

आगरा। लोधी क्षत्रिय इम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा के तत्वावधान में गुरुवार को सूरसदन सभागार में आयोजित आठवां प्रतिभा सम्मान समारोह सामाजिक एकजुटता, प्रेरणा और गौरव का सशक्त मंच बनकर उभरा। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रशासन और सेवा के विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 450 से अधिक प्रतिभाओं का भावभीना सम्मान किया गया। आगरा सहित विभिन्न जनपदों से पधारे लोधी राजपूत क्षत्रिय समाज के सैकड़ों गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

Dec 25, 2025 - 19:31
 0
सूरसदन में प्रतिभाओं का महासम्मान, ‘लक्ष्य’ के आठवें समारोह में 450 से अधिक मेधाओं का अभिनंदन, शिक्षा और एकजुटता का दिया संदेश
सूरसदन में लोधी क्षत्रिय एम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ आयोजक एवं अतिथि।

आगरा। लोधी क्षत्रिय इम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा के तत्वावधान में गुरुवार को सूरसदन सभागार में आयोजित आठवां प्रतिभा सम्मान समारोह सामाजिक एकजुटता, प्रेरणा और गौरव का सशक्त मंच बनकर उभरा। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रशासन और सेवा के विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 450 से अधिक प्रतिभाओं का भावभीना सम्मान किया गया। आगरा सहित विभिन्न जनपदों से पधारे लोधी राजपूत क्षत्रिय समाज के सैकड़ों गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

समारोह का शुभारंभ आगरा इकाई के अध्यक्ष एवं समारोह संयोजक इंजी. किशोरी सिंह राजपूत तथा पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. बनवारी लाल सिंह लोधी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर समाज के आइकॉन के रूप में आईटीबीपी से सेवानिवृत्त आईजी केपी सिंह, बरेली विकास प्राधिकरण के मुख्य नगर नियोजक अजय कुमार सिंह, मिलिट्री सर्विसेज के पूर्व मुख्य अभियंता इंजी. चैतन्य देव, आईआईटी उत्तर प्रदेश के अपर निदेशक मानपाल सिंह, समाज कल्याण विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजी. मुनिवीर सिंह तथा सूडा की पूर्व परियोजना निदेशक श्रीमती अंजू सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 343 मेधावी छात्र-छात्राओं, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 15 खिलाड़ियों, राज्य व केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति पाने वाले 35 अधिकारी व कर्मचारी, विभिन्न पदों पर प्रोन्नत हुए 6 अधिकारी तथा सेवानिवृत्त हुए 18 अधिकारी-कर्मचारियों सहित कुल 450 से अधिक प्रतिभाओं को मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान के साथ सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभाशीष भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर समारोह संयोजक इंजी. किशोरी सिंह राजपूत ने प्रेरक उद्बोधन देते हुए कहा कि 
रख तू राह में दो-चार ही कदम मगर जरा तबीयत से, फिर देख मंज़िल खुद-ब-खुद चलकर तेरे पास आएगी।  उन्होंने बताया कि ‘लक्ष्य’ संगठन का उद्देश्य समाज को संगठित और जागरूक करना, शिक्षा को बढ़ावा देना, कुरीतियों के विरुद्ध अभियान चलाना तथा समाज के गौरवशाली इतिहास का प्रचार-प्रसार करना है। यह संगठन पिछले आठ वर्षों से निरंतर अपने उद्देश्यों को साकार कर रहा है।

कार्यक्रम में महावीर सिंह वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां  दीं, जिसने समारोह में रंग भर दिए। इस अवसर पर सतीश राजपूत के संपादन में प्रकाशित वार्षिक पत्रिका ‘लक्ष्य संदेश’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सतीश राजपूत ने किया, जबकि महामंत्री लक्ष्मण सिंह ने बीते वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।

समारोह में संरक्षक इंजी. रतिराम वर्मा, इंजी. आरपी सिंह, आरडी सिंह नरवरिया, कोषाध्यक्ष सोवरन सिंह, उपाध्यक्ष सुरेश राजपूत, डॉ. एके सिंह, अंकेक्षक वीपी सिंह, तहसील किरावली अध्यक्ष सोहन लाल, प्रचार मंत्री महावीर सिंह वर्मा, वरिष्ठ सदस्य कोमल सिंह राजपूत, पूर्व पार्षद मोहन सिंह लोधी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक रोटी कम खाओ, लेकिन बच्चों को अवश्य पढ़ाओ

वक्ताओं ने बच्चों को दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। साथ ही अभिभावकों से आह्वान किया गया कि “एक रोटी कम खाओ, लेकिन बच्चों की शिक्षा में कोई समझौता न करो।”