आगरा में निकली भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा, खाटू श्याम मंदिर में फूल बंगला और प्रेमनिधि मंदिर में नौका विहार उत्सव ने भक्तों को किया भावविभोर  

आगरा। पुरुषोत्तम मास और गंगा दशहरा के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं 251 कलशों के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ तो कहीं श्री खाटू श्याम मंदिर में विशेष फूल बंगला श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं श्री प्रेमानिधि मंदिर में नौका विहार उत्सव और पुष्टिमार्गीय पदों की रसधारा ने भक्तों को भक्ति भाव में सराबोर कर दिया।

Jun 1, 2026 - 22:05
 0
आगरा में निकली भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा, खाटू श्याम मंदिर में फूल बंगला और प्रेमनिधि मंदिर में नौका विहार उत्सव ने भक्तों को किया भावविभोर   
कालिंदीपुरम स्थित पंचेश्वर महादेव मंदिर से निकली 251 कलश यात्रा में सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति भाव से शामिल महिलाएं एवं श्रद्धालु।

कलश में निहित है देवशक्तियों का वास, भागवत कथा कलियुग का श्रेष्ठ साधन

पंचेश्वर महादेव मंदिर, कालिंदीपुरम कॉलोनी, मऊ रोड, खंदारी बायपास चौराहा पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को 251 कलशों की भव्य यात्रा के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और जयघोषों के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाओं और युवतियों की लंबी कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं।

कथा व्यास अनंत श्री विभूषित स्वामी श्री रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज, श्रीधाम वृंदावन के सान्निध्य में गणेश पूजन और कलश स्थापना के साथ कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि कलश भारतीय संस्कृति में मंगल, पवित्रता और दिव्य चेतना का प्रतीक है तथा इसमें देवशक्तियों का वास माना गया है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण भगवान श्रीकृष्ण की साक्षात वाङ्मयी मूर्ति है और कलियुग में भागवत कथा का श्रवण ही मोक्ष का सबसे सरल साधन है।

मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल एवं शिवानी अग्रवाल ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जगदीश प्रसाद लवानिया ने बताया कि कथा प्रतिदिन सायं 4 से 7 बजे तक आयोजित होगी। कार्यक्रम में पंकज अग्रवाल, नीलू अग्रवाल, सरोज बाला अग्रवाल, जगमोहन गौतम, नानक चंद मिश्रा, कैलाश गौतम, जेपी शर्मा, शैलेंद्र सिंह दरोगा, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, संजीव सिंह, निशांत सिंह कन्नू पार्षद, क्षेत्रपाल सिंह, यश कुमार दुबे, प्रीति मिश्रा, भू देवी राजपूत, कृष्ण सिंह, सारिका सिंह, इशिता सिंह और शानवी सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पुरुषोत्तम मास में खिला भक्ति का पुष्प वैभव, श्री खाटू श्याम मंदिर में सजा विशेष फूल बंगला

पुरुषोत्तम मास में जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में पुष्पों से सजे दिव्य फूल बंगला श्रृंगार में विराजमान श्याम बाबा।

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर सोमवार को विशेष फूल बंगला श्रृंगार और महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। विभिन्न रंगों के सुगंधित फूलों से सजे दिव्य बंगले में विराजमान श्याम बाबा का मनोहारी स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। पीले, गुलाबी, बैंगनी और अन्य रंग-बिरंगे पुष्पों से सुसज्जित बाबा को स्वर्ण मुकुट एवं कुंडल धारण कराए गए।

मंदिर परिसर स्थित शिवालय में भगवान शिव का विशेष महारुद्राभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं को मौसमी फल एवं सत्तू प्रसादी वितरित की गई।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्रृंगार, राजभोग एवं पोशाक सेवा आलोक गर्ग द्वारा समर्पित की गई, जबकि इत्र सेवा गुंजन कौर ने प्रदान की। संध्या भोग सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा संपन्न कराई गई। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।

पुष्टिमार्गीय पदों से गुंजायमान हुआ श्री प्रेमानिधि मंदिर, नौका विहार उत्सव में उमड़े श्रद्धालु

श्री प्रेमानिधि मंदिर में गंगा दशहरा नौका विहार उत्सव के दौरान सुसज्जित नौका में विराजमान ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज।

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमानिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिकमास) मनोरथ उत्सव के अंतर्गत सोमवार को गंगा दशहरा नौका विहार उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को सुसज्जित नौका में विराजमान कर नौका विहार का मनोहारी स्वरूप सजाया गया।

मंदिर परिसर को श्वेत पुष्पों के भव्य बंगले से सजाया गया था। ठाकुर जी को श्वेत वेशभूषा धारण कराई गई तथा विशेष भोग अर्पित किया गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।

सदानंद भट्ट एवं मधुकर चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत पुष्टिमार्गीय पदों और हवेली संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में नौका विहार उत्सव प्रभु को ग्रीष्म ऋतु में शीतलता प्रदान करने के भाव से मनाया जाता है। सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि श्वेत पुष्पों का विशेष बंगला और नौका विहार की सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि गंगा दशहरा एवं नौका विहार मनोरथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मनोरथ के चरण सेवक नरेश उपाध्याय रहे। कार्यक्रम में संजीव चौबे, ख्यालीराम धाकड़, आयुष उपाध्याय, संजय शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor