बहराणा साहब की ज्योति संग निकली झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा, जयकारों और भजनों की गूंज
झूलेलाल जयंती के पावन अवसर पर आगरा में सिंधी समाज की आस्था और उल्लास का भव्य संगम देखने को मिला, जहां बहराणा साहब की ज्योति प्रज्ज्वलित कर भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा धूमधाम और भक्ति के साथ निकाली गई।

शोभायात्रा में शामिल झांकियों की एक झलक।
आगरा। सिंधी युवा मंच एवं पूज्य सिंधी जनरल पंचायत शाहगंज के तत्वावधान में झूलेलाल जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। पूज्य बहराणा साहब की ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ ही वातावरण भगवान झूलेलाल के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ हरगुनदास स्कूल से हुआ, जहां उद्घाटनकर्ता कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं योगी जहाजनाथ ने वरुणावतार भगवान झूलेलाल की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रुई की मंडी स्थित झूलेलाल मंदिर से पावन ज्योति प्रज्ज्वलित की गई।
इस अवसर पर सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी, महामंत्री हेमन्त भोजवानी, पं. भूपेन्द्र शर्मा एवं पार्षद राधारानी मानवानी भी मौजूद रहीं।
बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु साईं लीलाशाह एवं भगवान झूलेलाल के भजनों पर झूमते-गाते नजर आए। शोभायात्रा रुई की मंडी से प्रारंभ होकर शाहगंज बाजार, संगीता रोड, भोगीपुरा, जोगीपाड़ा होते हुए पुनः रुई की मंडी चौराहे पर सम्पन्न हुई।
शोभायात्रा में पूज्य बहराणा साहब की ज्योति का डोला, विध्नविनाशक गणपति, मां दुर्गा, पंचमुखी हनुमान, शिवजी बर्फानी बाबा, स्वामी लीलाशाह, बाबा ठाकुरनाथ साहिब और मुख्य आकर्षण भगवान झूलेलाल की झांकी रही। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
अंत में श्रद्धालुओं ने बस द्वारा सिंधुनगरी बल्केश्वर घाट पहुंचकर पावन ज्योति का विधिवत विसर्जन किया।
कार्यक्रम में सिंधी युवा मंच के संरक्षक हेमन्त भोजवानी, अध्यक्ष द्वय नरेश लखवानी व जयप्रकाश धर्मानी, चिम्मन पेरवानी, विजय भाटिया, कहैन्या सोनी, उमेश पेरवानी, भोजराज लालवानी, तुलजाराम पुरसानी, सुनील कर्मचन्दानी, किशन जसनानी, लक्ष्मण कल्यानी, हरीश टहिल्यानी, लालचंद मोटवानी, हीरालाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।