डॉक्टरों की शिक्षा के लिए महादानः आगरा के प्रोफेसर सुन्दरलाल का देहदान, नेत्रदान के साथ एसएन मेडिकल कॉलेज को सौंपा गया पार्थिव शरीर

आगरा। समाज और चिकित्सा शिक्षा के लिए प्रेरणास्रोत बनते हुए वृज विहार कॉलोनी, गजाधन धाम, केन्द्रीय हिन्दी संस्थान रोड निवासी प्रोफेसर सुन्दरलाल (77) ने अपने जीवन का अंतिम निर्णय भी जनकल्याण को समर्पित कर दिया। शुक्रवार देर रात लगभग 12:30 बजे उनके निधन के बाद परिजनों ने उनकी इच्छा के अनुरूप देहदान और नेत्रदान का संकल्प पूरा किया।

Jan 31, 2026 - 20:58
 0
डॉक्टरों की शिक्षा के लिए महादानः आगरा के प्रोफेसर सुन्दरलाल का देहदान, नेत्रदान के साथ एसएन मेडिकल कॉलेज को सौंपा गया पार्थिव शरीर
देहदानी प्रो. सुंदर लाल की फाइल फोटो।

परिवारजनों ने श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के महासचिव राजीव अग्रवाल से संपर्क कर देहदान की प्रक्रिया पूरी कराने का अनुरोध किया। उनकी सलाह पर तत्काल नेत्रदान की भी व्यवस्था की गई। रात्रि में ही एसएन मेडिकल कॉलेज की डॉक्टरों की टीम एवं ग्रीफ काउंसिलर दीपक शर्मा के सहयोग से बजाजा कमेटी द्वारा नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।

शनिवार को देहदानी प्रोफेसर सुन्दरलाल की इच्छानुसार उनका पार्थिव शरीर बजाजा कमेटी की गाड़ी से निवास स्थान से एसएन मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अंजली को पार्थिव शरीर सौंपा गया। उपस्थित चिकित्सकों ने मेडिकल छात्रों की पढ़ाई में मृत शरीर की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए देहदान को महान पुण्य कार्य बताया।

उल्लेखनीय है कि देहदानी सुन्दरलाल वीर बहादुर पूर्वांचल यूनिवर्सिटी, जौनपुर से कुलपति पद से सेवानिवृत्त थे। इस अवसर पर बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने परिवार की इस साहसिक और समाजोपयोगी पहल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस मौके पर देहदानी के पुत्र डॉ. अंजने तक्षक, पुत्री डॉ. स्वभा तक्षक, डॉ. अभय गुप्ता, संजय चौधरी, परिवारजन एवं बजाजा कमेटी के उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग, महासचिव राजीव अग्रवाल, मंत्री प्रशांत गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor