मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, बरेली में सड़क किनारे मिला खून से लथपथ शव, संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार सुबह हुई एक नृशंस हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा धौरा टांडा में मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। उनका खून से लथपथ शव विवियापुर रोड किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

Jul 24, 2026 - 17:37
 0
मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, बरेली में सड़क किनारे मिला खून से लथपथ शव, संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच
फाइल फोटो- सिराराम श्रीवास्तव।

जानकारी के अनुसार, धौरा टांडा वार्ड नंबर-1 निवासी सियाराम श्रीवास्तव रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब छह बजे घर से टहलने निकले थे। करीब सात बजे विवियापुर रोड से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक की नजर सड़क किनारे पड़े उनके खून से सने शव पर पड़ी। उसने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस जांच में मृतक के शरीर पर चाकुओं के कई गहरे घाव मिले हैं। प्रारंभिक जांच से स्पष्ट है कि हमलावरों ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया और हत्या के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि सियाराम श्रीवास्तव किराना व्यवसाय से जुड़े थे और अपने पीछे पांच शादीशुदा बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और घर में मातम छा गया।

जांच के दौरान पुलिस के सामने संपत्ति विवाद का एंगल भी उभरकर आया है। मृतक के बेटे के अनुसार, हाल ही में मकान से जुड़े एक पुराने मुकदमे का फैसला उनके परिवार के पक्ष में आया था। पुलिस अब इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि कहीं इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश तो नहीं रची गई।

क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor