आगरा में मनाया गया जीएसटी बचत उत्सव, आम जनता तक लाभ पहुंचाने का संकल्प
आगरा के कमलानगर स्थित मैन मार्केट में जीएसटी 2.0 लागू होने पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें व्यापारियों और दुकानदारों को घटाई गई जीएसटी दरों की जानकारी दी गई तथा उनसे आग्रह किया गया कि वे ग्राहकों को इस लाभ का सीधा फायदा पहुंचाएं। इधर एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने भी जीएसटी सुधारों का स्वागत किया है।
आगरा। पूरे देशभर में आज से लागू हुए जीएसटी 2.0 के तहत आगरा में जीएसटी बचत उत्सव का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में कमलानगर मैन मार्केट में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में व्यापारियों और दुकानदारों को नई घटाई गई दरों की जानकारी विस्तार से दी गई। साथ ही उनसे कहा गया कि वे इन लाभों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुँचाएँ ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जीएसटी बचत उत्सव के अंतर्गत अब दवाइयां, मेडिकल उपकरण, स्वास्थ्य बीमा और फिटनेस सुविधाएं पहले से अधिक किफायती दरों पर उपलब्ध होंगी। केंद्र सरकार का यह कदम न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सस्ता और सुलभ बनाएगा, बल्कि स्वस्थ भारत, विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूत करेगा।
इस मौके पर सांसद नवीन जैन और मौजूद व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय पर आभार जताते हुए धन्यवाद मोदी जी के नारे लगाए।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपने संबोधन में कहा कि GST 2.0 देश की आर्थिक प्रगति में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को इसका लाभ मिलेगा। खासतौर से स्वास्थ्य क्षेत्र में कर दरें घटने से गरीब और मध्यम वर्ग को सस्ती दवाइयाँ और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रधानमंत्री मोदी जी का यह निर्णय सबका साथ, सबका विकास की दिशा में बड़ा कदम है।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल, महानगर उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, सीए दीपिका मित्तल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल एवं पंकज अग्रवाल, नितेश अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटी जीएसटी दरों से जनता को बड़ी राहत, एमएलसी विजय शिवहरे बोले– धन्यवाद मोदी सरकार
एमएलसी विधायक एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से रोज़मर्रा की वस्तुएं, दवाइयां, बीमा सेवाएं और इलेक्ट्रॉनिक सामान सस्ते हो गए हैं, जिससे आम जनता, व्यापारी और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
श्री विजय शिवहरे ने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी सुधारों के जरिए जनता को बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला कर ढांचे को सरल और पारदर्शी बनाकर देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा।
विजय शिवहरे ने कहा कि नए जीएसटी स्लैब में प्रमुख वस्तुओं और सेवाओं को केवल तीन श्रेणियों (0%, 5% और 18%) में समेटा गया है। इससे न केवल व्यापारियों को कर अनुपालन में सरलता होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी रोज़मर्रा की ज़रूरत की वस्तुएँ सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगी।
विधायक ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इन सुधारों का पूरा लाभ उठाएं और जीएसटी दरों से संबंधित जानकारी के लिए सरकार की अधिसूचनाओं व आधिकारिक घोषणाओं पर ध्यान दें।