राम भक्ति से सराबोर अतिथिवन : राजा दशरथ और राजा जनक का हुआ भावपूर्ण अभिनंदन
आगरा। भारत विकास परिषद अमृतम् परिवार द्वारा गुरुवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन परिसर में रामलीला एवं जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत राजा दशरथ और राजा जनक स्वरूपों का अभिनंदन व सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पूरा परिसर राम नाम के मधुर गान और भक्ति रस से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे अजय अग्रवाल और महारानी कौशल्या की भूमिका में कल्पना अग्रवाल का आत्मीय स्वागत किया गया। इसी प्रकार राजा जनक का स्वरूप धारण करने वाले राजेश अग्रवाल और महारानी सुनयना की भूमिका में अंजू अग्रवाल का भावपूर्ण अभिनंदन किया गया। सभी को मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) ने मधुर राम भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। आयोजन में जनकपुरी समिति अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल ने समस्त श्रद्धालुओं को जनकपुरी महोत्सव में भाग लेने का आमंत्रण दिया।
कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र अग्रवाल और राधा अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संरक्षक उमेश अग्रवाल, आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, श्रीनाथ गुप्ता, केशव दत्त गुप्ता, बसंत गुप्ता उमेश बंसल, विवेक अग्रवाल, डॉ. तरुण शर्मा, मनीष अग्रवाल, रेखा राज अग्रवाल, मयंक जैन, सचिव राजीव गोयल के समेत कई गणमान्य महिला-पुरुष और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।