गुरु नानक देव जी का 555वां प्रकाश पर्व, सवा लाख श्रद्धालुओं की संगत में झिलमिलाएगा गुरुद्वारा गुरु का ताल

आगरा। सिख धर्म के प्रथम गुरु और संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 555वां प्रकाश पर्व इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। दुनियाभर के गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार, नगर कीर्तन, आकर्षक सजावट और लंगर प्रसाद वितरण के आयोजन इस पर्व को आस्था और सेवा के अनूठे संगम में बदल देते हैं।

Nov 4, 2025 - 21:57
 0
गुरु नानक देव जी का 555वां प्रकाश पर्व, सवा लाख श्रद्धालुओं की संगत में झिलमिलाएगा गुरुद्वारा गुरु का ताल
गुरुद्वारा गुरु का ताल पर की गई आकर्षक लाइटिंग ।

? भव्य सजावट, हरित आतिशबाजी और लंगर सेवा से महकेगी श्रद्धा और सेवा की भावना
? गुरुबाणी की धुनों में डूबेगा आगरा, प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां पूरी

आगरा। सिख धर्म के प्रथम गुरु और संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 555वां प्रकाश पर्व इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। दुनियाभर के गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार, नगर कीर्तन, आकर्षक सजावट और लंगर प्रसाद वितरण के आयोजन इस पर्व को आस्था और सेवा के अनूठे संगम में बदल देते हैं।

आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल साहिब में भी इस दिन का विशेष महत्व है। यहां तड़के 4 बजे से लेकर रात 1 बजे तक संगत की आवाजाही बनी रहती है। गुरुबाणी की मधुर स्वर लहरियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो जाता है।

गुरुद्वारे के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने बताया कि हर वर्ष लगभग सवा लाख श्रद्धालु यहां मत्था टेकने आते हैं — इनमें सिख ही नहीं, बल्कि हर धर्म और समाज के लोग शामिल होते हैं जो गुरु महाराज से खुशियां और प्रेरणा प्राप्त करते हैं।

संगत की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं पर मंथन जारी

गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से संत बाबा प्रीतम सिंह जी के नेतृत्व में जत्थेदार बाबा राजेन्द्र सिंह इंदौरिया, बाबा अमरीक सिंह, महंत हरपाल सिंह, ज्ञानी केवल सिंह, ग्रंथि हरबंस सिंह, टीटू सिंह, और हरनाम सिंह ने बैठकों की श्रृंखला आयोजित की है ताकि सभी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा दी जा सके।

गुरुद्वारा के मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि प्रबंधन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर समुचित तैयारियां सुनिश्चित की हैं।

लाइटों से सजेगा गुरु का ताल, बाईपास से दिखेगा भव्य नजारा

जत्थेदार बाबा राजेन्द्र सिंह इंदौरिया ने बताया कि इस वर्ष गुरुद्वारा गुरु का ताल को रंग-बिरंगी LED लाइटों से सजाया जा रहा है। बाईपास पर बन रहा मुख्य प्रवेश द्वार ‘दर्शन ड्यौढ़ी’ अपने निर्माण के अंतिम चरण में है। इस द्वार से गुरुद्वारे का नजारा इतना भव्य प्रतीत होता है कि बाईपास से गुजरने वाला हर राहगीर श्रद्धा से नतमस्तक हो जाता है।

 सवा लाख श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर सेवा

लंगर की व्यवस्था संभाल रहे बाबा अमरीक सिंह जी ने बताया कि इस वर्ष भाई नंदलाल दीवान हॉल में विशेष लंगर की तैयारी की गई है। यहां एक बार में 4000 श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर लंगर ग्रहण कर सकेंगे। लंगर सेवा सुबह 8 बजे से प्रारंभ होकर रात 1 बजे तक निरंतर चलेगी। इस पवित्र सेवा में जत्थेदार बाबा पाल सिंह सितारगंज, भाई मंज सेवा सोसाइटी, बाबा अमर सिंह बंडा भाई सिकंदर सिंह (पंजाब), बाबा सतनाम सिंह, और बाबा लाभ सिंह अपनी संगत सहित भाग लेंगे।

हरित आतिशबाजी बनेगी आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष भी गुरुद्वारा परिसर में प्रदूषण रहित हरित आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। रात 9 बजे से शुरू होने वाली आतिशबाजी में विविध झांकियां और रंगीन हवाई आतिशें दिखाई देंगी। आतिशबाजी का संचालन अलीगढ़ के विख्यात आतिशबाज सरदार मोहन सिंह द्वारा किया जाएगा।

संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने सभी नानक नाम लेवा संगत से आह्वान किया है कि वे गुरुद्वारा साहिब में हाजिरी भरकर गुरु महाराज की खुशियां प्राप्त करें।