हलाल सर्टिफिकेटः मज़हब की आड़ में पैसा कमाया जा रहा, आतंकवाद से जोड़ना ग़लत- मौलाना रजवी
-आरके सिंह- बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हलाल सर्टिफिकेट माफिया पर दिए गए बयान के बाद अब आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हलाल सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया मज़हब की आड़ में कमाई का ज़रिया बन गई है, मगर इसे आतंकवाद से जोड़ना उचित नहीं है।
बरेली में बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत के दौरान मौलाना रज़वी ने कहा कि हलाल सर्टिफिकेट देने का जो सिलसिला शुरू किया गया है, वह शरियत की रौशनी में पूरी तरह ग़लत है। यह धार्मिक तौर पर जायज़ नहीं है कि कोई संस्था मज़हब के नाम पर धन वसूले।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सिलसिले में कई संगठन खुलेआम व्यापार कर रहे हैं, जो न सिर्फ़ इस्लामी सिद्धांतों के ख़िलाफ़ है, बल्कि समाज में भ्रम भी फैला रहा है। उन्होंने कहा कि “मज़हब का इस्तेमाल व्यापारिक फायदे के लिए करना शरीयत के हिसाब से नाजायज़ है।
हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान से असहमति जताई कि हलाल सर्टिफिकेट से जुटाया गया पैसा आतंकवाद को बढ़ावा देने में खर्च किया जा रहा है। मौलाना रज़वी ने कहा कि मैं इस विचार से सहमत नहीं हूं। इस पर जांच एजेंसियां काम कर रही हैं, उन्हें बिना ठोस सबूत के कोई बयान नहीं देना चाहिए।
मौलाना ने आगे कहा कि सरकार को चाहिए कि वह धार्मिक व्यवसायिकरण पर नियंत्रण लगाए, ताकि धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग न हो।