करवाचौथ पर महकेंगे हाथों के रंग, सेवा आगरा के शिविर में बेटियां सजाएंगी सुहागिनों की हथेलियां
आगरा। सनातन परंपराओं के उल्लास और स्त्री सौंदर्य के प्रतीक करवाचौथ के अवसर पर इस बार आगरा में सेवा आगरा और संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय की छात्राएं सुहागिनों की हथेलियों पर मेहंदी रचाकर सांस्कृतिक सौहार्द का संदेश देंगी। मंगलवार को शिवपुरी स्थित कॉलेज में भव्य मेहंदी महाशिविर का पोस्टर विमोचन किया गया, जिसमें बताया गया कि नौ अक्टूबर को होने वाले इस नि:शुल्क आयोजन में एक हजार महिलाओं के हाथों पर 50 प्रशिक्षित युवतियां मेहंदी लगाएंगी।
करवाचौथ के महापर्व को भारतीय संस्कृति के उत्सव रूप में मनाने की पहल सेवा आगरा और संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय ने की है। मंगलवार को कॉलेज परिसर में आयोजित बैठक में संस्थापक अध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट और सुमन गोयल ने नि:शुल्क मेहंदी महाशिविर का पोस्टर जारी करते हुए बताया कि यह आयोजन सनातन धर्म और भारतीय परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस महाशिविर में विद्यालय की मेहंदी प्रतियोगिता में दक्ष रहीं छात्राएं सुहागिन बहू-बेटियों के हाथों को पारंपरिक मेहंदी से सजाएँगी। सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में आयोजित इस सामूहिक कार्यक्रम से महिलाओं को शहर में इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी और युवतियों में आत्मनिर्भरता की भावना सशक्त होगी।
महाविद्यालय के निदेशक रविकांत चावला ने बताया कि यह आयोजन 9 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय, शिवपुरी में होगा। नि:शुल्क मेहंदी शिविर के लिए रजिस्ट्रेशन कॉलेज परिसर में चल रहा है, जिसमें कूपन के आधार पर मेहंदी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग एक हज़ार महिलाओं के हाथों पर 50 प्रशिक्षित युवतियां आकर्षक डिज़ाइनों में मेहंदी लगाएंगी।
इस अवसर पर डॉ. मोहिनी तिवारी, डॉ. योजना मिश्रा, डॉ. पिंकी वर्मा, डॉ. निशा कपूर, साधना गुप्ता, मयंक खंडेलवाल सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।