बोर्ड परीक्षा में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, प्रधानाचार्य परिषद ने दी चेतावनी

आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, जनपद आगरा की एक अहम बैठक गुरुवार को एस.डी. जैन इंटर कॉलेज, आगरा में सम्पन्न हुई। बैठक में बोर्ड परीक्षा 2026 के दौरान प्रधानाचार्यों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की स्थिति पर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए इसे किसी भी स्थिति में अस्वीकार्य बताया गया।

Feb 5, 2026 - 22:10
 0
बोर्ड परीक्षा में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, प्रधानाचार्य परिषद ने दी चेतावनी
प्रधानाचार्य परिषद की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।

बैठक की अध्यक्षता परिषद के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार लवानिया ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी जिला महामंत्री डॉ. मोहम्मद जमीर ने निभाई।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह स्पष्ट किया गया कि यदि बोर्ड परीक्षा 2026 के दौरान प्रधानाचार्यों को बेवजह नोटिस, दबाव, या प्रशासनिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, तो परिषद इसे कतई स्वीकार नहीं करेगी और आवश्यकता पड़ने पर संगठनात्मक एवं आंदोलनात्मक निर्णय लेने से भी पीछे नहीं हटेगी।

प्रधानाचार्यों ने एक स्वर में कहा कि परीक्षा संचालन में सहयोग उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन अपमान, संदेह और भय का वातावरण नहीं सहा जाएगा।

बैठक के दौरान हाल ही में नियुक्त प्रदेश मंत्री डॉ. अनिल वशिष्ठ, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ममता शर्मा को जिला कार्यकारिणी की ओर से बधाई एवं सम्मान प्रदान किया गया। उपस्थित प्रधानाचार्यों ने उनके संगठनात्मक अनुभव से परिषद को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई।

बैठक में प्रधानाचार्यों से जुड़ी विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं परीक्षा संबंधी समस्याओं पर गहन चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी समस्याओं की विस्तृत सूची तैयार की जाएगी। आगामी सप्ताह संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी

परिषद को मजबूत करने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान कई प्रधानाचार्यों ने परिषद की सदस्यता भी ग्रहण की, जिससे संगठन का दायरा और प्रभाव बढ़ने की उम्मीद है।

बैठक में बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से
डॉ. अनिल वशिष्ठ, डॉ. ममता शर्मा, डॉ. अतुल जैन, डॉ. नीलम जैन, डॉ. पीयूष शर्मा, डॉ. प्रीति नागपाल, मुकेश शर्मा सहित अनेक प्रधानाचार्य शामिल रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor