हरियाली तीज महोत्सव में झूले सावन के, सजी भक्ति, लोक संस्कृति और नारी उल्लास की रंगारंग छटा

आगरा। सावन की हरियाली और तीज के उल्लास में रंगे आगरा शहर में महिला मंडलों द्वारा भव्य आयोजन किए गए, जिन्होंने नारी शक्ति, भक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को एक साथ सजाया। श्री हरि सत्संग महिला समिति और श्री सर्वतोभद्र जैन महिला मंडल बल्केश्वर के आयोजनों ने जहां मंच को भक्ति के भावों से सराबोर किया, वहीं पारंपरिक गीतों, नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने हर किसी को मोह लिया।

Jul 24, 2025 - 18:52
 0
हरियाली तीज महोत्सव में झूले सावन के, सजी भक्ति, लोक संस्कृति और नारी उल्लास की रंगारंग छटा
  श्री हरि सत्संग महिला समिति द्वारा आयोजित हरियाली तीज महोत्सव में शिव-पार्वती स्वरूप के साथ मंच पर उपस्थित अंजू राजेश अग्रवाल, कल्पना अजय अग्रवाल, अंशु अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, संगीता अग्रवाल आदि। दूसरे चित्र में श्री सर्वतोभद्र जैन महिला मंडल बल्केश्वर हरियाली तीज महोत्सव में भाग लेतीं महिला मंडल की सदस्याएं।

श्री हरि सत्संग महिला समिति का आयोजन: भक्ति और बिहू की बहार

सिकंदरा-बोदला रोड स्थित डी-जेल रेस्टोरेंट में आयोजित हरियाली तीज महोत्सव में श्री हरि सत्संग महिला समिति ने भक्ति, नृत्य और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत अंजू राजेश अग्रवाल (रानी सुनयना स्वरूप) और कल्पना अजय अग्रवाल (रानी कौशल्या स्वरूप) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

भक्ति गीत- झूला धीरे झुलाओ सुकुमारी सिया को…को संगीता अग्रवाल और अंजू राजेश अग्रवाल ने सुरबद्ध किया, वहीं पूजा बंसल और सोनिया गर्ग द्वारा प्रस्तुत शिव-पार्वती स्वरूप में नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विशेष आकर्षण रहा असम से आईं 40 बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक बिहू नृत्य, जो वर्तमान में समिति के साथ भागवत कथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। कार्यक्रम का संचालन सोनिया गर्ग ने किया और निशा मंगल द्वारा आयोजित खेलों ने आयोजन में मनोरंजन का रंग भरा।
अतिथियों का स्वागत अंशु अग्रवाल (अध्यक्ष), रुचि अग्रवाल (महासचिव) और मीनू त्यागी (कोषाध्यक्ष) ने किया। डॉ. मंजू गुप्ता, मधु गोयल, रश्मि अग्रवाल, किरण शर्मा आदि मौजूद रहीं। व्यवस्था भगवान दास अग्रवाल (अध्यक्ष), उमेश बंसल (महासचिव), संजय गोयल (संयोजक), संजय मित्तल (सह कोषाध्यक्ष) ने संभाली।

श्री सर्वतोभद्र जैन महिला मंडल बल्केश्वर: तीज में भक्ति, नृत्य और सेवा का समर्पण

कमला नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में श्री सर्वतोभद्र जैन महिला मंडल बल्केश्वर द्वारा हरियाली तीज महोत्सव उल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत णमोकार महामंत्र और भगवान महावीर के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

मंडल की सभी महिलाओं ने हरे परिधान पहनकर पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। आयोजन में वृद्धजनों का माला पहनाकर स्वागत-सम्मान भी किया गया, जिसने आयोजन को सेवा की भावना से भी जोड़ दिया।

महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर महोत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की संयोजक बबीता जैन, खुशबू जैन थीं जबकि इसमें आरती जैन, नेहा जैन, सीमा जैन, अंशु जैन, सोनिका जैन, सारिका जैन, शिल्पी जैन, रेनू जैन सहित मंडल की समस्त सदस्याओं की मौजूदगी रही।

SP_Singh AURGURU Editor