हरियाणा ने जूनियर हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीता
हरियाणा ने 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में ओडिशा को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। हरियाणा ने अंतिम क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की।
जालंधर। हरियाणा ने 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टक्कर ओडिशा से थी। इस मुकाबले में हरियाणा ने 3-2 के अंतर से अपने नाम किया। वहीं तीसरे स्थान के मैच को यूपी ने अपने नाम किया। टीम की भिड़ंत उत्तर प्रदेश से थी। चार क्वार्टर के बाद मैच 3-3 से बराबर रहा। यूपी ने शूटआउट को 4-3 से अपने नाम करके ब्रॉन्ज मेडल जीता।
फाइनल के शुरुआत में हरियाणा और ओडिशा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले क्वार्टर में कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो पाई। दूसरे क्वार्टर में, ओडिशा को दीपक प्रधान ने बढ़त दिलाई। उन्होंने 17वें मिनट में फाइनल का पहला गोल किया। इसके दो मिनट बाद प्रताप टोप्पो ने गोल दागा। दोनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर हुए और ओडिशा ने 2-0 की बढ़त बना ली। तीसरे क्वार्टर के खत्म होने तक ओडिशा की टीम दो गोल से आगे थे लेकिन हरियाणा नेआखिरी क्वार्टर में मैच का रुख पलट दिया।
हरियाणा के लिए 50वें मिनट में पहला गोल हुआ। चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपनी टीम के लिए यह गोल किया। दूसरे गोल के लिए टीम को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। अगले ही मिनट में उनके साथी नितिन ने फील्ड गोल दागा। इससे मैच 2-2 की बराबरी पर आ गया। मैच के अंतिम मिनट में नितिन ने कुशलतापूर्वक दो डिफेंडरों को छकाते हुए दूर से शॉट मारा और हरियाणा के लिए विजयी गोल दागा। 60वें मिनट में हुए इस गोल ने हरियाणा को खिताब जीतवा दिया।