क्या यहां मैं भारत  सरकार का विरोध करने आया हूं?- सलमान खुर्शीद

कुआलालंपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि क्या मैं यहां (विदेश) भारत सरकार का विरोध करने आया हूं? अगर मुझे ऐसा करना होता तो मैं घर पर ही रहता। मैं यहां भारत के लिए बोलने आया हूं। भारत के पक्ष में यहां जो कुछ भी कहा जाएगा, हम उसका समर्थन करने आए हैं। ये 10-12 दिनों की ही बात है। इसके बाद तो आपको घर जाना है और जो जरूरी लगे वो कर सकते हैं। लेकिन यहां सिर्फ 'इंडिया फर्स्ट' है।

Jun 2, 2025 - 18:22
 0
क्या यहां मैं भारत  सरकार का विरोध करने आया हूं?- सलमान खुर्शीद


वहीं, 'देशभक्त होना इतना मुश्किल हो गया है' वाली पोस्ट पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य खुर्शीद ने कहा कि हम वहीं कर रहे हैं जो देश के लिए जरूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज देश के पक्ष में एक आवाज में बोलने की जरूरत है।

कांग्रेस नेता का बयान ऐसे वक्त में आया है जब वो ऑल पार्टी डेलिगेशन का हिस्सा बने हुए हैं और विदेशों में जाकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कदमों की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट को लेकर कहा, "लोग कहते रहते हैं कि आप ऐसे प्रतिनिधिमंडल में क्या कर रहे हैं जिसमें बीजेपी के लोग हैं। आप वहां क्या कर रहे हैं? हम यहां क्या कर रहे हैं? हम यहां वही कर रहे हैं जो देश के लिए जरूरी है।''

पूर्व केंद्रीय मंत्री खुर्शीद ने आगे कहा, ''चाहे आप किसी भी पार्टी से हों, आज जरूरत है देश के पक्ष में बोलने के लिए एक आवाज की और हम यहां वही कर रहे हैं। मुझे लगता है कि जब मैं कहता हूं कि क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है? यह सवाल उन लोगों से पूछा जाना चाहिए जो ट्वीट कर रहे हैं और ऐसी बातें कह रहे हैं, मेरा मानना ​​है कि जब आप देश के लिए कुछ करना चाहते हैं तो इस तरह की बातें बहुत उत्साहजनक नहीं हैं।''

ऑल पार्टी डेलिगेशन का हिस्सा सलमान खुर्शीद ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा, "आतंकवाद के खिलाफ अभियान में भारत का संदेश दुनिया तक पहुंचाने के लिए, यह दुखद है कि देश में लोग उनकी सियासी वफादारी का हिसाब मांग रहे हैं। क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है?" इससे पहले इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में  धारा 370 को लेकर बयान दिया था और इसे जम्मू कश्मीर से हटाने के मोदी सरकार के फैसले की तारीफ की थी।