तेज रफ्तार का कहर, 5 साल की मासूम को डंपर ने कुचला, गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम

आगरा के किरावली क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पार कर रही 5 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम खुला, जबकि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Apr 13, 2026 - 14:05
 0
तेज रफ्तार का कहर, 5 साल की मासूम को डंपर ने कुचला, गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम
बच्ची का शव सड़क पर रखकर विलाप करते परिजन।

आगरा। आगरा के थाना किरावली क्षेत्र में रुनकता–गोपऊ मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सड़क पार कर रही 5 वर्षीय बच्ची उन्नति की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब उन्नति अपनी बुआ के पास जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। बुआ सड़क के दूसरी ओर कंडे थाप रही थीं। उन्होंने बच्ची को रुकने के लिए आवाज भी दी, लेकिन वह नहीं मानी और जैसे ही सड़क पार करने लगी, रुनकता की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे फिरोजाबाद नंबर के डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं।

परिजनों का आरोप है कि टोल बचाने के लिए भारी वाहन इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने सड़क पर बैरिकेडिंग लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कार्रवाई और मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया, तब जाकर परिजन माने और जाम खुलवाया गया। आरोपी डंपर चालक को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। मृतक बच्ची के पिता पुष्पेंद्र ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं, उन्नति (5 वर्ष) और पूर्वी (2 वर्ष)। उन्नति की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।