तेज रफ्तार का कहर, कंटेनर ने दो ऑटो रौंदे, दर्शन से लौट रहे पांच श्रद्धालुओं की मौत
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कंटेनर ने दो ऑटो को रौंद दिया। हादसे में जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौट रहे सहपऊ निवासी पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज एसएन मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जगन्नाथ पुरी से लौट रहे थे यात्री, खंदौली में मचा कोहराम, कई घायल
आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में शनिवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने एक के बाद एक दो ऑटो को टक्कर मारते हुए उन्हें रौंद दिया। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ऑटो एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने ओवेरटेक करने के चक्कर में पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और नियंत्रण खोते हुए दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा एसएन मेडिकल कॉलेज और यमुना पार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
एसएन मेडिकल कॉलेज में पांच शव लाए गए
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री और शाहिद के रूप में हुई है। धनपाल को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। वहीं विजय सिंह और उदय सिंह का इलाज यमुना पार स्थित अम्बे अस्पताल में चल रहा है।
दर्शन से लौट रही थी पूरी टोली
एसीपी के अनुसार, ऑटो में सवार ज्यादातर लोग सहपऊ क्षेत्र के निवासी हैं और जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौट रहे थे। खुशी और श्रद्धा से भरा यह सफर खंदौली में मातम में बदल गया। एक ही गांव के लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।