रूठी पत्नी को मनाने गया था, रास्ते में मौत ने रास्ते में रोका: आगरा के बाह क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

बाह (आगरा)। रूठी हुई पत्नी को मनाकर घर लाने गया एक युवक रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। पुलिस ने आनन-फानन में एंबुलेंस से सीएचसी बाह पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पीछे छूट गई रूठी पत्नी के हिस्से उम्र भर का मलाल भी छोड़ गया।

Mar 23, 2026 - 11:27
 0
रूठी पत्नी को मनाने गया था, रास्ते में मौत ने रास्ते में रोका: आगरा के बाह क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत
हादसे में युवकी की मौत होने की जानकारी मिलने पर सीएचसी पहुंची पुलिस जानकारी लेती हुई।

पत्नी को मनाने गया था, लौटते वक्त हुआ हादसा

थाना बाह क्षेत्र के बड़ागांव के पास रविवार देर शाम यह हादसा हुआ। जैतपुर थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुरा निवासी 27 वर्षीय देवेंद्र पुत्र दशरथ अपनी पत्नी को मनाने के लिए उसके मायके चौरंगाहार गया था। तीन दिन पूर्व पति-पत्नी के बीच फोन पर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी।

देवेंद्र जयपुर में नौकरी करता था और पत्नी को वापस लाने के उद्देश्य से दो दिन पहले ही गांव आया था। रविवार को वह बाइक से ससुराल पहुंचा, लेकिन पत्नी ने साथ आने से इनकार कर दिया। मायूस होकर देवेंद्र अकेले ही बाइक से घर लौट रहा था। उसे नहीं मालूम था कि रास्ते में मौत उसका इंतजार कर रही थी।

तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी

बड़ागांव के पास अचानक एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

पीछे छूटा रोता-बिलखता परिवार

देवेंद्र अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके परिवार में तीन बेटियां- प्रतिज्ञा, आराध्या और साराध्या हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। बीच वाला भाई अरविंद दिल्ली में नौकरी करता है, जबकि छोटा भाई धर्मेंद्र गांव में ही रहता है।

युवक की असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में भी शोक की लहर है। हर आंख नम है और हर जुबान पर एक ही बात काश, वह दिन ऐसा न आया होता।

उम्र भर का मलाल छोड़ गया हादसा

इस घटना ने एक ऐसा दर्दनाक मोड़ लिया, जिसे भुला पाना आसान नहीं होगा। जिस पत्नी को मनाने के लिए देवेंद्र गया था, वही अब शायद जिंदगी भर इस बात का मलाल लेकर जिएगी कि काश उस दिन वह उसके साथ लौट आती।

SP_Singh AURGURU Editor