कंगना रनौत के विरुद्ध मामले पर आज सुनवाई नहीं हो सकी, अगली तारीख 19 जुलाई
आगरा। फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी क्षेत्र से भाजपा सांसद कंगना रनौत के विरुद्ध दायर रिवीजन याचिका पर आज 11 जुलाई को जिला जज की अदालत में सुनवाई होनी थी, लेकिन जिला जज के अवकाश पर होने के कारण कार्यवाही नहीं हो सकी। अब अगली सुनवाई 19 जुलाई 2025 को होगी।
ज्ञात हो कि 11 सितंबर 2024 को वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा ने कंगना रनौत के खिलाफ किसानों के अपमान और राष्ट्रद्रोह के आरोपों को लेकर विशेष अदालत एमपी-एमएलए में एक वाद दाखिल किया था। करीब नौ महीने तक चली सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश अनुज कुमार सिंह ने उक्त वाद को खारिज कर दिया था।
इस निर्णय के विरुद्ध अधिवक्ता शर्मा ने जिला जज की अदालत में रिवीजन याचिका दाखिल की थी। विगत तिथि पर कंगना रनौत की ओर से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अनुसूया चौधरी और स्थानीय अधिवक्ता विवेक शर्मा ने रिवीजन की प्रति प्राप्त की थी, ताकि जवाब प्रस्तुत किया जा सके। अब यह मामला 19 जुलाई को सुना जाएगा।