क्रूरता की पराकाष्ठा: एक साल की मासूम को थप्पड़ मारता रहा पिता, उपचार के दौरान मौत
मथुरा। पति-पत्नी के बीच चल रही गृहक्लेश ने एक मासूम की जान ले ली। पति-पत्नी में विवाद चल रहा था, इसी दौरान इस दंपति की एक साल की बच्ची रोने लगी थी। इस पर गुस्से में तमतमाए पिता ने एक साल की बेटी रजनी को बार-बार थप्पड़ मारे, जिससे वह बेहोश हो गई। उसे रात में ही अस्पताल ले जाया गया। शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मगोर्रा क्षेत्र के नगला भूरिया निवासी नरेश सिंह और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे विवाद के दौरान ही बच्ची रजनी जोर-जोर से रोने लगी थी। इससे नाराज होकर नरेश ने अपनी ही मासूम बेटी को थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया। पिता ने इतने थप्पड़ मारे कि अबोध बच्ची बेहोश हो गई। परिवारजन बच्ची को तत्काल अस्पताल ले गए। अस्पताल में रात भर उसका उपचार चला, लेकिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी अंकुर गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्ची की मौत पिता की पिटाई के चलते हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।