बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर याददाश्त पर कर रहा वार: कांफ्रेंस के अंतिम दिन विशेषज्ञों ने चेताया
आगरा। बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर केवल दिल और धमनियों को ही नहीं, बल्कि इंसान की याददाश्त और मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर रहा है। हाईपरटेंशन से मेमोरी कमजोर हो रही है और यह बच्चों से लेकर युवाओं तक में गंभीर चुनौती बनकर उभर रहा है।
ताजनगरी में फतेहाबाद रोड स्थित होटल डबल ट्री बाय हिल्टन में आयोजित रिसर्च सोसायटी फॉर द स्टडी ऑफ हाइपरटेंशन इन इंडिया (आरएसएसएचआई) की तीन दिवसीय नेशनल कांफ्रेंस के तीसरे और अंतिम दिन विशेषज्ञों ने उच्च रक्तचाप से होने वाले बहुआयामी दुष्प्रभावों पर गंभीर मंथन किया।
कांफ्रेंस के दौरान डॉ. एमपी सिंह ने अपने सत्र में कहा कि बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर इंसान की याददाश्त पर असर डाल रहा है और यह मेमोरी लॉस तक की स्थिति पैदा कर सकता है। डॉ. विनीत गर्ग ने हाइपरटेंशन से दिल पर पड़ने वाले घातक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कारण, बचाव और उपचार की जानकारी दी। डॉ. शुभम सिंगल ने हाईपरटेंशन और डायबिटीज के संयुक्त प्रभावों को बताया, वहीं डॉ. रवि जैन ने उच्च रक्तचाप से मानव शरीर के विभिन्न अंगों पर पड़ने वाले प्रभाव और उनकी उपचार विधियों पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. दीपक बंसल ने अपने सत्र में पेट से जुड़ी बीमारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, पैदल चलना, संतुलित आहार और समय पर चिकित्सकीय परामर्श ही हाइपरटेंशन से बचाव का मूलमंत्र है। कार्यक्रम के समापन सत्र में चेयरमैन डॉ. सी.आर. रावत और सचिव डॉ. रजत रावत ने तीन दिवसीय कांफ्रेंस की उपलब्धियों, विशेषज्ञों द्वारा साझा किए गए शोध और नवीन उपचार तकनीकों का सार प्रस्तुत किया। उन्होंने आरएसएसएचआई द्वारा भविष्य में किए जाने वाले जनहितकारी कार्यों की भी जानकारी दी और सभी विशेषज्ञों, चिकित्सकों एवं देशभर से आए डेलीगेट्स के प्रति आभार व्यक्त किया।
कांफ्रेंस में डॉ. अतुल जैन, डॉ. अमित वाष्णेय, डॉ. प्रवेज्ञ गोयल, डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. अश्वनी यादव, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. सौरभ नागर और डॉ. वी.के. अग्रवाल सहित कई विशेषज्ञों ने हाइपरटेंशन से संबंधित विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं डॉ. राजीव किशोर, डॉ. मुकेश जैन, डॉ. अंकुर गोयल, डॉ. मुकेश अग्रवाल, डॉ. करण रावत, डॉ. आनंद रावत, डॉ. ज्योति गर्ग, डॉ. सुभाष चंद्र, डॉ. डी.पी. अग्रवाल, डॉ. आर.के. टंडन, डॉ. बी.एन. कौशल, डॉ. सुमित लवानिया, पंकज सारस्वत और अभिषेक सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।