आगरा में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर हाई-लेवल ब्रीफिंग, डीएम ने दिए नकल पर सीधी कार्रवाई के सख्त निर्देश

आगरा। जनपद आगरा में 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सूरसदन प्रेक्षागृह में केंद्र व्यवस्थापकों, जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग कर स्पष्ट निर्देश जारी किए।

Feb 14, 2026 - 18:37
 0
आगरा में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर हाई-लेवल ब्रीफिंग, डीएम ने दिए नकल पर सीधी कार्रवाई के सख्त निर्देश
यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित केंद्र व्यवस्थाओं, मजिस्ट्रेटों को ब्रीफ करते जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी।

केंद्र व्यवस्थापक होंगे सीधे जिम्मेदार

ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि परीक्षा के दौरान यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर लापरवाही पाई गई तो उसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी। किसी भी स्तर पर की गई गलती अक्षम्य मानी जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध व्यक्तिगत जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

छात्राओं की सुरक्षा व मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छात्राओं की तलाशी के लिए महिला पुलिस कर्मियों एवं महिला शिक्षिकाओं की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।

जनपद में 1.21 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

जनपद आगरा में इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में कुल 60,371 छात्र शामिल होंगे, जिनमें 32,556 बालक और 27,815 बालिकाएं हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 61,551 छात्र, जिनमें 35,415 बालक और 26,136 बालिकाएं सम्मिलित होंगी। इस प्रकार कुल 1,21,922 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में भाग लेंगे।

154 परीक्षा केंद्र, 6 जोन और 15 सेक्टर बनाए गए

अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने जानकारी दी कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ.प्र., प्रयागराज द्वारा संचालित वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जनपद के 154 परीक्षा केंद्रों को 6 जोन और 15 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके अंतर्गत 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 18 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

नकल, पेपर लीक और फर्जी अभ्यर्थियों पर सख्ती

ब्रीफिंग में पुलिस विभाग से समन्वय कर परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नकल माफिया, फर्जी अभ्यर्थी, पेपर लीक और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए गए। परीक्षा केंद्र परिसर के भीतर परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, पेजर, कैलकुलेटर और पाठ्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर विशेष निर्देश

सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्ट्रांग रूम की फुलप्रूफ सुरक्षा से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता होने पर दोषियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

नियमों के पालन में कोई ढिलाई नहीं

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश बोर्ड द्वारा प्रदत्त बुकलेट में स्पष्ट रूप से दिए गए हैं, जिन्हें सभी अधिकारियों को गंभीरता से पढ़ना और लागू करना अनिवार्य है। यदि सभी अधिकारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तो परीक्षा में किसी भी प्रकार की सेंधमारी संभव नहीं होगी।

नियंत्रण कक्ष 6 बजे सुबह से 9 बजे रात तक सक्रिय

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो परीक्षा अवधि में प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 9997156949 है।

कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था पर फोकस

सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए कि वे परीक्षा तिथियों में अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण, निरीक्षण और चेकिंग करें। परीक्षा केंद्रों पर अवांछित भीड़ एकत्रित न होने देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गई है। अनुचित साधनों के प्रयोग पर उ.प्र. सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम, 1998 के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor